बिलासपुर पहुंचे मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर रूठों को मनाने जुट गए हैं। गुरुवार को बिलासपुर में उन्होंने भाजपा के पूर्व सांसद सुरेश चंदेल और झंडूता से पूर्व विधायक व मंत्री रहे रिखी राम कौंडल से बंद कमरे में मुलाकात की।
लेकिन इस बैठक में चंदेल एक ही बात पर अड़े रहे कि उन्हें साफ कर दें कि पार्टी में उनका स्थान क्या होगा। जबकि सीएम ने उन्हें आश्वासन दिया कि पार्टी उन्हें बेहतर स्थान देगी। लेकिन कोई बात न बनने पर चंदेल कमरे से बाहर चले आए।
इससे पहले करीब आधा घंटा दोनों नेताओं की बातचीत हुई है। हालांकि सूत्र बता रहे हैं कि जयराम ठाकुर ने सुरेश चंदेल को कल तक भाजपा और सरकार की ओर से स्थिति साफ करने का आश्वासन दिया है।
वहीं पूर्व मंत्री रिखी राम कौंडल से भी सीएम ने बंद कमरे में लंबी मंत्रणा की। हालांकि, क्या बातचीत हुई, इसका खुलासा नहीं हो पाया। लेकिन सूत्र बताते हैं कि कौंडल भी विस चुनाव में टिकट कटने के बाद से पार्टी से नाराज चल रहे हैं।
सीएम ने कहा कि सुरेश चंदेल जल्द ही पार्टी के लिए प्रचार करेंगे। साथ ही कहा कि कौंडल पार्टी के वरिष्ठ नेता हैं, जिनके साथ लोकसभा चुनाव को लेकर चर्चा की गई। सीएम ने दावा किया कि भाजपा प्रदेश में चारों सीटों पर चुनाव जीतेगी।
चंदेल के संपर्क में भाजपा और कांग्रेस
पूर्व सांसद सुरेश चंदेल के संपर्क में भाजपा और कांग्रेस दोनों संपर्क में हैं। दोनों पार्टियां चाह रही हैं कि वह उनकी पार्टी के लिए प्रचार करें।