राष्ट्रीय पुस्तक न्यास के धर्मशाला में लगे पुस्तक मेले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर लिखी पुस्तक का आचार संहिता में विमोचन करने के मामले में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त कांगड़ा संदीप कुमार ने जांच पूरी कर ली है।
आज इसकी रिपोर्ट चुनाव आयोग को भेजी जाएगी। रिपोर्ट के आधार पर ही चुनाव आयोग इस पर कार्रवाई का फैसला लेगा। हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विवि के कुलपति प्रो. कुलदीप चंद अग्निहोत्री की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर लिखित पुस्तक का स्वयं उन्होंने धर्मशाला पुस्तक मेले में विमोचन किया था।
मानव संसाधन विकास मंत्रालय, केंद्रीय विवि और राष्ट्रीय पुस्तक न्यास के अधिकारियों की मौजूदगी में पुस्तक विमोचन की खबर को अमर उजाला ने प्रमुखता के साथ प्रकाशित किया था। इस पर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने स्वत: संज्ञान लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी कांगड़ा से रिपोर्ट तलब की थी।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त कांगड़ा संदीप कुमार ने बताया कि चुनाव आयोग से निर्देशों के बाद पुस्तक विमोचन के संबंध में रिपोर्ट तैयार कर ली है। मंगलवार को चुनाव आयोग को रिपोर्ट भेज दी जाएगी।