मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने सोमवार को जारी भाजपा के संकल्प पत्र की सराहना की है। कहा कि यह संकल्प पत्र नए और विकसित भारत की परिकल्पना है, जो देश के 130 करोड़ लोगों की भावनाओं को दर्शाता है। इसमें नए भारत के निर्माण की प्रतिबद्धता स्पष्ट दिखाई देती है।
संकल्प पत्र में अगले पांच साल में भारत को विश्व का एक अग्रणी राष्ट्र बनाने की परिकल्पना की गई है। किसान क्रेडिट कार्ड पर एक लाख तक के ऋण पर पांच साल तक शून्य ब्याज दर पर ऋण देने के निर्णय का स्वागत किया। कहा कि इससे किसानों की आय को वर्ष 2022 तक दोगुना करने में बल मिलेगा।
सीएम ने कहा कि किसान सम्मान निधि के अंतर्गत सभी किसानों को लाने और 60 वर्ष की आयु के बाद सभी छोटे किसानों को पेंशन सुविधा देने का संकल्प सराहनीय है। संकल्प पत्र में राष्ट्रीय व्यापार आयोग का गठन करने की बात कही गई है।
यह व्यापारियों के लिए वरदान सिद्ध होगा। छोटे दुकानदारों को 60 वर्ष के बाद पेंशन देने का निर्णय सराहनीय है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस संकल्प पत्र में ग्रामीण अधोसंरचना और ग्रामीण क्षेत्रों के विकास पर भी विशेष बल दिया गया है।
उन्होंने कहा कि आगामी पांच साल में ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ करने पर 25 लाख करोड़ व्यय करने का निर्णय ग्रामीण क्षेत्रों में जहां रोजगार की व्यापक संभावना उपलब्ध होगी। ग्रामीण आर्थिकी को भी बल मिलेगा। उन्होंने कहा कि देश में 70 नए मेडिकल कॉलेज खोलने के निर्णय से लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी।