निर्वाचन आयोग ने कांगड़ा-चंबा संसदीय क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी एवं खाद्य आपूर्ति मंत्री किशन कपूर और विधायक सुखराम चौधरी के खिलाफ चुनाव आयोग में आईं शिकायतों का निपटारा कर दिया है।
आयोग ने जांच के बाद पाया कि कपूर पर अफसरों के साथ बैठक कर चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन करने की बात साबित नहीं हुई है, जबकि सुखराम चौधरी पर कमरा बुक कर पार्टी गतिविधियों में शामिल होने के आरोप भी निराधार पाए गए हैं। ऐसे में आयोग ने दोनों मामले में क्लीन चिट दे दी है।
मुख्य चुनाव अधिकारी को शिकायत मिली थी कि किशन कपूर ने अपने क्षेत्र में अधिकारियों की बैठक बुलाई, जबकि आदर्श चुनाव आचार संहिता के कारण वह ऐसा नहीं कर सकते थे। इस पर कपूर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई।
वहीं पावंटा के भाजपा विधायक सुखराम चौधरी पर आरोप लगाया गया कि पीडब्ल्यूडी का रेस्ट हाउस बुक करवाया गया, इसमें पार्टी गतिविधियों का भी अंदेशा जताया गया। लेकिन दोनों मामलों में आयोग ने इस तरह की गतिविधियां नहीं पाईं।