धुड़ू राम से मुलाकात करते डीसी ललित जैन।
- फोटो : अमर उजाला
हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के पांवटा के बनौर गांव निवासी 104 वर्षीय धुड़ू राम प्रदेश के सबसे वरिष्ठ मतदाता बन गए हैं। निर्वाचन विभाग ने धुड़ू राम को स्वीप कार्यक्रम में प्रमुख आइकन की भूमिका में रखने का निर्णय लिया है। उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ललित जैन ने बनौर गांव का दौरा करके धुड़ू राम से मुलाकात की और उनका कुशलक्षेम पूछा।
डीसी ने बताया कि धुड़ू राम प्रदेश के सबसे वरिष्ठ मतदाता हैं। जिला सिरमौर में लोकसभा चुनाव के दौरान मतदाताओं को जागरूक करने के लिए धुड़ू राम प्रमुख भूमिका निभाएंगे और इनका संदेश जिले में घर-घर तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि धुड़ू राम को पूरा सम्मान दिया जाएगा और इनके हौसले से अन्य मतदाताओं को भी प्रेरणा मिलेगी।
धुड़ू राम के आधार कार्ड और मतदाता पहचान पत्र में इनकी आयु एक जुलाई, 1915 अंकित है। उन्होंने कहा कि धुड़ू राम पेशे से पंडिताई का कार्य करते आ रहे हैं। इस समय वह अपने परिवार में अपनी चौथी पीढ़ी के साथ रह रहे हैं। उनके तीन बेटे हैं। जिनमें एक बेटा डाक विभाग से सेवानिवृत्त है, एक बेटा अध्यापक था जिनका निधन हो गया है।
एक बेटा घर पर कार्य करता है। धुड़ू राम के पोते और पड़पोते हैं। धुड़ू राम ने कहा कि उन्होंने अंग्रेजों और रियासत काल का समय देखा है। वह स्वतंत्र भारत में कई बार मतदान कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र के इस महापर्व में भी लोगों को अपना मतदान करना चाहिए। मतदान के महत्व के बारे लोगों को जागरूक करने के लिए वह कार्य करेंगे।