कोरोना संकट के बीच श्रमिक स्पेशल ट्रेन चलाने के बाद भारतीय रेलवे ने अब 1 जून से 100 नई रेलगाड़ियां चलाने की मुहिम शुरू की है। ऊना रेलवे स्टेशन को इस रेल सेवा में जोड़ा गया है। आगामी पहली जून से ऊना रेलवे स्टेशन पर नियमित रूप से रोजाना दिल्ली से जन शताब्दी शुरू होने जा रही है। बाकायदा गुरुवार से इसकी ऑनलाइन बुकिंग शुरू कर दी गई है। रेलवे पीएससी कमेटी के राष्ट्रीय सदस्य हरिओम भनोट ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि रेलवे ने ट्रायल के तौर पर इन सेवाओं को शुरू करने का निर्णय लिया है। चूंकि लोग देश के विभिन्न हिस्सों में फंसे हुए हैं और अपने घर या काम पर लौटना चाहते हैं। लिहाजा, एक प्रयोग के तौर पर कोरोना संकट के बीच इस सेवा को शुरू किया गया है।
अगर यह सफल रहता है तो ट्रेनों की संख्या बढ़ाई जा सकती है। उल्लेखनीय है कि भारतीय रेलवे ने 1 जून से चलने वाली 200 ट्रेनों की सूची जारी कर दी है। इन ट्रेनों में सीटों की बुकिंग 21 मई सुबह 10 बजे से शुरू हो चुकी है। जानकारी के मुताबिक इन ट्रेनों में एसी और नॉन-एसी क्लास भी होगा। जनरल कोच में बुकिंग के लिए सेकेंड सीटिंग का किराया वसूला जाएगा और इन ट्रेनों में सिर्फ ऑनलाइन बुकिंग ही होगी। साथ ही इन ट्रेनों के लिए 30 दिन पहले ही रिजर्वेशन किया जा सकेगा। भनोट ने बताया कि इन ट्रेनों में आरएसी और वेटिंग लिस्ट टिकट भी जारी होगा लेकिन वेटिंग लिस्ट टिकट वाले व्यक्ति को यात्रा करने की अनुमति नहीं होगी।