मंडी जिले में देर शाम मूसलाधार बारिश से चंडीगढ़-मनाली और औट-लूहरी हाईवे पर मलबा आ गया। पहाड़ियों से पत्थर गिरने लगे। हाईवे तालाब में बदल गया। इससे वाहन चालकों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। जिले में शनिवार शाम सात बजे बारिश शुरू हो गई।
मूसलाधार बारिश देर रात दस बजे तक जारी थी। इस दौरान छोटे-मोटे नालों से पानी एनएच पर आया। साथ ही मलबा भी काफी मात्रा में आया। इससे एनएच पर वाहन चलाना खतरे से खाली नहीं रह गया है। बारिश को देखते हुए औट-लूहरी हाईवे के बंद होने की संभावना लग रही है।