बारिश से हिमाचल प्रदेश के जिला हमीरपुर के उपमंडल भोरंज के ठारा गांव में गुरुवार सुबह 9:00 बजे स्लेटपोश मकान पर चीड़ का पेड़ गिरने से मकान की दीवार ढह गई। इससे घर के अंदर मौजूद नेपाल मूल के युवक साजन (32) पुत्र फूला राम की मलबे में दबने से मौत हो गई। स्थानीय लोगों एवं पुलिस कर्मियों ने मलबा हटाकर शव निकाला। उधर, भूस्खलन से मार्ग बंद होने पर बंजार के 11 स्कूलों में 20 अगस्त तक अवकाश घोषित कर दिया गया है।
विज्ञापन
सीर खड्ड में डूबे दो युवकों के शव बरामद
उधर, दो दिन पहले बिलासपुर के झंडूता में सीर खड्ड में डूबे दो युवकों के शव गोबिंद सागर झील से बरामद किए गए। तुंगड़ी गांव के निशांत कुमार (18) पुत्र प्यारेलाल और अमन (16) पुत्र कश्मीर सिंह खड्ड में नहाने उतरे थे। प्रदेश में जारी बारिश से मानसून सीजन के दौरान अभी तक 1,13,043 लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हो गया है। वहीं, मंडी के राजकीय केंद्रीय प्राथमिक पाठशाला चोलथरा के भवन पर लहासा गिरने से भवन को भारी नुकसान हुआ है। भवन क्षतिग्रस्त होने से अब बच्चों के बैठने की वैकल्पिक व्यवस्था वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चोलथरा में की गई है। सतलुज नदी के उफान पर होने से शिमला और मंडी को जोड़ने वाले शाकरा-चाबा पुल पर अभी भी आवाजाही बंद है। लोगों को चाबा और साथ लगते क्षेत्रों में जाने के लिए वाया सुन्नी 10 से 15 किलोमीटर का अतिरिक्त सफर तय करना पड़ रहा है।