हिमाचल के जिला कुल्लू स्थित मणिकर्ण में गुरुद्वारे की सराय पर विशाल चट्टानें गिरने से सात लोगों की मौत हो गई है। जानकारी के अनुसार मणिकर्ण गुरुद्वारा सराय पर मंगलवार दोपहर डेढ़ बजे पहाड़ी से चट्टानें गिर गई। हादसे में सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि 11 श्रद्धालु बुरी तरह से घायल हो गए हैं। कुछ श्रद्धालुओं की पार्वती नदी में बहने की आशंका है।
इन्हें खोजने के लिए पार्वती नदी में देर शाम तक एसएसबी, एनडीआरएफ और पुलिस ने सर्च ऑपरेशन चलाया। सभी घायलों को कुल्लू अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एक श्रद्धालु की नाजुक हालत को देखते हुए पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया है। पहाड़ी से अभी भी दो चट्टानें खिसक रही हैं। प्रशासन ने गुरुद्वारा परिसर को असुरक्षित घोषित कर इसे खाली करवा दिया है।
यहां देखिए हादसे का वीडियो
हादसे में मारे गए लोगों की अभी शिनाख्त नहीं हो पाई है। हालांकि सभी 11 घायल पंजाब के संगरूर के रहने वाले हैं। उधर, हादसे की सूचना मिलते ही हड़कंप मच गया। पंद्रह से बीस मिनट के भीतर घटनास्थल पर पहुंचकर पुलिस ने बचाव कार्य शुरू किया। एक घंटे के भीतर जिला मुख्यालय से वरिष्ठ अधिकारियों की टीम बचाव दल के साथ मणिकर्ण पहुंची।
अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी विनय सिंह ठाकुर, एएसपी निश्चिंत सिंह नेगी, एसडीएम रोहित राठौर, तहसीलदार एसपी जसवाल और अन्य अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर राहत व बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस और होमगार्ड के अलावा एनडीआरएफ और सशस्त्र सीमा बल की रेस्क्यू टीमें भी मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य में जुट गईं। चट्टान गिरने से सराय के 11 कमरे पूरी तरह ध्वस्त हो गए हैं। हादसे के वक्त गुरुद्वारा सराय के साथ निजी स्कूल में 50 बच्चे पढ़ रहे थे। ये बच्चे बाल-बाल बच गए।
यहां देखिए वीडियो
ये है मृतकों और घायलों की सूची
मणिकर्ण हादसे में यादविंद्र सिंह पुत्र सुखविंद्र सिंह, लखविंद्र सिंह पुत्र हरि सिंह, सोनी राम पुत्र मग्गर राम, गुरदीप सिंह पुत्र हरदेव सिंह, गोपाल सिंह पुत्र हरि राम, रघुवीर सिंह पुत्र बालकृष्ण, काका सिंह पुत्र हरदयाल सिंह की मौके पर मौत हो गई है।
हादसे में घायल हुए लोगो की सूची
निक्का राम पुत्र बिलू राम, तरसेम पुत्र हेमराज, मिठू सिंह पुत्र गुरजंटा सिंह, अवतार सिंह पुत्र बृजभान सिंह, लोकराज पुत्र ओम प्रकाश, पविंद्रजीत सिंह पुत्र लाल सिंह, हंसराज पुत्र बालाराम, रविंद्र सिंह पुत्र रोडा सिंह, हरजिंद्र सिंह पुत्र अजायब सिंह, हरमेश सिंह पुत्र लीला राम और गुरविंद्र सिंह पुत्र गुरचरण सिंह क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में उपचाराधीन है जबकि गुरविंद्र सिंह और हंसराज को पीजीआई रेफर कर दिया गया है।