विश्व कोरोना वायरस से बचाव के लिए लोग देवी-देवताओं के शरण में जाने लगे हैं। बुधवार को राजा घेपन के निवास स्थान शाशिन में पुजारी जगदीश ने राजा घेपन को मर्कयुमज (मक्खन से बने भेड़) चढ़ाकर और सं पूजा कर इस बीमारी से निजात देने की प्रार्थना की है।
राजा घेपन मंदिर के साथ लाहौल के तमाम इलाकों में घर-घर में लोगों ने मर्कयुमच चढ़ाया और सं पूजा की। कर्फ्यू के चलते जिले से बाहर कुल्लू-मनाली में रह रहे लोगों ने भी धूप, अगरबत्तियां जलाकर तथा राजा घेपन के नाम चढ़ावा निकालकर मन्नत मांगी है।
विद्यार्थियों सहित हिमाचल के सैकड़ों लोग प्रदेश से बाहर फंसे हुए हैं। उन तमाम लोगों ने भी बुधवार को राजा घेपन के पुजारी के बताए समयानुसार पूजा की। पुजारी जगदीश ने कहा कि बुधवार को शाशिन में राजा घेपन देवालय में वैश्विक महामारी कोरोना से निजात पाने के लिए राजा घेपन की पूजा-अर्चना कर इसके शीघ्र निदान की प्रार्थना की गई है।