स्पीति में लोक निर्माण विभाग की संपर्क सड़क से बर्फ हटातीं महिला कामगार।
- फोटो : संवाद
जनजातीय क्षेत्र स्पीति में माइनस तापमान और बर्फीली हवाओं के बीच दिनभर किसी काम को अंजाम देना आसान नहीं है, लेकिन घाटी की महिलाएं पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर सड़क बहाली का कार्य कर रही हैं। सीमा सड़क संगठन और लोक निर्माण विभाग में सैकड़ों महिलाएं दैनिक वेतनभोगी कार्यरत हैं। बर्फबारी के बाद ये कर्मचारी हाथों में बेलचा उठाए सड़कों से बर्फ हटा रही हैं। कई बार स्पीति घाटी में दिन के समय भी तापमान शून्य से 15 डिग्री सेल्सियस नीचे चला जाता है।
बर्फीली हवाएं महिला कामगारों की चुनौती को बढ़ा देती हैं। इसके बावजूद ये महिलाएं 10 से 12 सड़कों से बर्फ हटाने के लिए मोर्चा संभाले हुए हैं। शीत मरुस्थल स्पीति घाटी की महिलाएं घर-गृहस्थी संभालने समेत सीमा सड़क संगठन और लोक निर्माण विभाग में दैनिक वेतनभोगी सेवाएं देकर अपनी आर्थिकी को मजबूत कर रही हैं। महिला कामगार सड़कों से बर्फ हटाने का कार्य बखूबी कर रही हैं।
क्यामो गांव के तंजिन और केसंग ने कहा कि बर्फबारी में स्पीति घाटी की सड़कों को बहाल रखने में मशीनों के साथ कामगारों की अहम भूमिका रहती है। उधर, अधिशासी अभियंता रजनीश बहल ने कहा कि स्पीति घाटी में लोक निर्माण विभाग में करीब 200 महिला कामगार तैनात हैं जो सर्द मौसम में भी अपने कार्य को बखूबी कर रही हैं।