मनाली के आलू गाउंड में आलू बीज की छंटनी में जुटे कामगार।
- फोटो : संवाद
देशभर में गुणवत्ता के लिए विख्यात लाहौल का आलू बीज खेतों से निकलने के बाद मनाली पहुंच गया है। मनाली के आलू ग्राउंड में लाहौल के आलू बीज की 45,000 बोरियां पहुंच गई हैं। अब यह आलू बीज देशभर में जाएगा। लाहौल के आलू बीज की काफी मांग रहती है। आलू ग्राउंड में इन दिनों का नजारा कुछ बदला हुआ है।
हर तरफ आलू की बोरियां ही बोरियां देखने को मिल रही हैं। मजदूर आलू बीज की छंटाई करने के बाद उसे बोरियों में पैक कर रहे हैं। यहां पहुंची आलू की खेप पिछले साल के मुकाबले कम है। आलू ग्राउंड में जो बीज की किस्में पहुंची हैं उनमें कुफरी ज्योति और संताना आदि हैं। एलपीएस (लाहौल पोटेटो सोसायटी) के लाइजनिंग ऑफिसर राम भगत ने कहा कि आलू बीज भेज दिया है। आलू बीज की सप्लाई देश के 25 राज्यों में की जाती है।
उन्होंने कहा कि एक सप्ताह में ग्रेडिंग का काम पूरा हो जाएगा। इसके बाद आलू बीज देश के विभिन्न हिस्सों के लिए भेजना शुरू किया जाएगा। देशभर के किसानों के बीच लाहौल के आलू की विशेष मांग रहती है।
सरकार 7 नवंबर को तय करेगी दाम
अभी आलू ग्राउंड में ग्रेडिंग चल रही है। बीज आलू के रेट सात नवंबर को शिमला में तय होंगे। कृषि और अन्य विभागों की शिमला में बैठक के बाद बीज आलू के रेट सरकार की ओर से निर्धारित किए जाएंगे। इसके बाद बीज आलू की खेप को अलग-अलग राज्यों में मांग के अनुसार भेगी जाएगी।