शिमला। अंतरराष्ट्रीय शिमला ग्रीष्मोत्सव 2026 के तहत आयोजित शिमला पहाड़ी स्वाद महोत्सव का रविवार को समापन हो गया। इस महोत्सव में पहला स्थान छौहारा खंड के स्वयं सहायता समूह नारी शक्ति ने प्राप्त किया जिन्हें उपायुक्त ने 51 हजार का नकद इनाम और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। दूसरा स्थान बैमलोई से अनीता सूद ने प्राप्त किया। इन्हें 31 हजार, जबकि तीसरे स्थान पर रहे ठियोग के स्वयं सहायता समूह नई दिशा को 21 हजार रुपये के नकद इनाम और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। उपायुक्त ने अन्य प्रतिभागियों को आयोजन समिति की ओर से 7500-7500 रुपये के सांत्वना पुरस्कार देने की घोषणा की। उन्होंने सभी प्रतिभागी महिलाओं को बधाई दी और आने वाले समय में भी जिला प्रशासन के माध्यम से ऐसे महोत्सव आयोजित करवाने का आश्वासन दिया। इस दौरान अतिरिक्त उपायुक्त सचिन शर्मा, अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी (प्रोटोकॉल) ज्योति राणा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित ठाकुर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। ब्यूरो