मनाली-मंडी के बीच हाईवे बंद होने से बजौरा में खड़े लोग ।-संवाद
- फोटो : मथुरा
कुल्लू। कुल्लू-मंडी हाईवे बार-बार बंद हो रहा है जिस कारण कुल्लू जिला से दूसरे जिलों और राज्यों की ओर जाने और प्रवेश करने वाले वाहन औट, पनारसा, टकोली, बजौरा क्षेत्र में सैकड़ों की संख्या में फंसे हुए हैं। इन स्थानों पर चार से पांच किलोमीटर की लंबी लाइनें लगी हुई हैं। बजौरा क्षेत्र में पर्यटकों के साथ जरूरी काम से आने जाने वाले लोगों के वाहन शामिल हैं जबकि फल और सब्जी से भरे वाहन फोरलेन पर खड़े किए गए हैं। बजौरा क्षेत्र में फंसे पर्यटक और अन्य यात्री परेशान हैं। लोगों ने रात वाहनों के भीतर ही गुजारी जबकि कुल्लू-मंडी की सीमा पर सोमवार को भी बारिश जारी रही। ऐसे में यात्रियों और पर्यटकों की समस्या और ज्यादा बढ़ गई है। पर्यटक वाहनों के साथ फल-सब्जी से भरे ट्रक, जीपें भी फंसी हैं। कुल्लू से मंडी की ओर जाने वाले वाहनों के फंस जाने से किसानों-बागवानों और कारोबारियों का फल और सब्जी उत्पाद सड़कों पर ही फंस गए हैं। इस कारण उन्हें नुकसान हो रहा है। कुल्लू-मंडी मार्ग बार-बार बंद हो रहा है। सोमवार शाम तक हाईवे की एक लेन को बहाल किया गया। इससे सेब उत्पादक क्षेत्र के लाेगों की चिंताएं साफ दिखाई दे रही हैं। इतना ही नहीं जिन व्यापारियों ने जिला की सब्जी मंडियों में सेब, टमाटर और अन्य उत्पाद खरीद रखे हैं। उन्हें समय पर देश की बड़ी मंडियों में न पहुंचने के कारण घाटा उठाना पड़ सकता है।