जिला अस्पताल कुल्लू में आईजीएमसी की तर्ज पर मिलेंगी सुविधाएं
उनकी सरकार ने 22 माह के दौरान 2200 करोड़ का राजस्व एकत्रित किया है। पूर्व भाजपा सरकार जनता के पैसे को लुटाती रही। दिवाली से पहले 28 अक्तूबर को कर्मचारियों को सैलरी दी । भाजपा ने चुनाव से पहले रेवड़ियां बांटीं। उन्होंने सुंदर हिमाचल के लिए जनता का सहयोग मांगा। सीएम ने कहा कि कुल्लू में मेडिकल कॉलेज नहीं है। ऐसे में जिला अस्पताल कुल्लू को आईजीएमसी की तरह सुविधा दी जाएगी। उन्होंने अस्पताल में विशेषज्ञ डाॅक्टरों के साथ स्टाफ नर्सों सहित अन्य कर्मचारियों के पदों को भरने की घोषणा की। कहा कि जिला कुल्लू के सभी अस्पतालों में स्टाफ की कमी जल्द दूर होगी। इस दौरान सीपीएस सुंदर ठाकुर, मनाली के विधायक भुवनेश्वर गौड़ और बुद्धि सिंह ठाकुर मौजूद रहे।
102 करोड़ रुपये की योजनाओं के उद्घाटन व शिलान्यास किए
मुख्यमंत्री ने कुल्लू के भुंतर में 102 करोड़ रुपये की योजनाओं के उद्घाटन व शिलान्यास किए। मुख्यमंत्री ने भुंतर में 4.56 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाले डबल लेन भुंतर पुल की आधारशिला रखी। उन्होंने क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू के लिए तेगूबेहड़ में 2.98 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित पार्किंग सहित ट्रांजिट आवासों और 24 लाख रुपये की लागत से निर्मित एकीकृत पुनर्वास केंद्र भुंतर के नवनिर्मित ओपीडी ब्लॉक का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने राज्य आपदा न्यूनीकरण कोष के अंतर्गत कुल्लू की तहसील पिरडी में राफ्टिग केंद्र के नजदीक 3.63 करोड़ से बाढ़ नियत्रण कार्यों, लोअर शास्त्री नगर से बदाह, कुल्लू और जिला कुल्लू के संवदेनशील स्थानों पर 6 करोड़ रुपये से तटबंध सुरक्षा कार्यों, तहसील भुंतर में पार्वती नदी के बाएं किनारे पर उठाऊ सिंचाई योजना सोड हाथीथान पंप हाउस से सरस्वती विद्या मंदिर भुंतर कालोनी तक 7.97 करोड़ रुपये से भुंतर के संवेदनशील स्थानों पर निर्मित होने वाले सुरक्षा कार्यों और गौ सदन के तिब्बती स्कूल से कुल्लू के एमसी क्षेत्र के संवेदनशील स्थानों पर 8.53 करोड़ रुपये से निर्मित होने वाले बाढ़ नियंत्रण कार्यों की आधारशिला रखी।
मुख्यमंत्री ने राज्य आपदा न्यूनीकरण कोष के अंतर्गत जिला कुल्लू में भुंतर पुल के निकट पार्वती नदी और ब्यास नदी के संगम स्थल के पास 8.14 करोड़ रुपये के बाढ़ नियंत्रण कार्यों, एमसी कुल्लू में सामुदायिक भवन से तिब्बतीयन स्कूल तक बाढ़ शमन और असुरक्षित स्थानों पर 6.44 करोड़ रुपये से तटबंध सुरक्षा कार्यों, एमसी क्षेत्र तिब्बतीयन स्कूल से हनुमानी बाग तक बाढ़ शमन और असुरक्षित स्थानों पर 6.65 करोड़ रुपये से तटबंध सुरक्षा कार्यों, एमसी भुंतर के संगम घाट से राधा कृष्ण मंदिर तक के असुरक्षित स्थानों के बाढ़ शमन और असुरक्षित स्थानों पर 6.14 करोड़ रुपये से तटबंध सुरक्षा कार्यों और भुंतर तहसील के मणिकर्ण की पार्वती नदी पर 7 करोड़ रुपये से होने वाले बाढ़ नियंत्रण कार्यों का भूमि पूजन भी किया। मुख्यमंत्री ने अमृत-2.0 योजना के अंतर्गत भुंतर के लिए 22 करोड़ रुपये से पेयजल आपूर्ति योजना के विस्तार कार्यों की आधारशिला रखी। जिला और तहसील कुल्लू में नाबार्ड के अंतर्गत ब्यास नदी से 16 टंकी, फाती खराहल में शालधारा के लिए 9.62 करोड़ रुपये से निर्मित उठाऊ जलापूर्ति योजना और 2.55 करोड़ रुपये से उठाऊ सिंचाई योजना न्योली-थरमाहन का भी लोकार्पण किया।