फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अंतरराष्ट्रीय समर फेस्टिवल: पहली संध्या में कृतिका, अनुज और ममता ने बांधा समा, झूमे दर्शक

Mon, 03 Jun 2019 10:18 PM IST
Krishan Singh न्यूज डेस्क, अमर उजाला, शिमला
विज्ञापन
- फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

अंतरराष्ट्रीय समर फेस्टिवल का सोमवार को आगाज हो गया। कार्यक्रम के पहले दिन सांस्कृतिक संध्या में इंडियन आइडल सीजन-2 के रनरअप रहे गायक अनुज शर्मा, गायिका कृतिका तनवर और सूफी गायिका डॉ. ममता जोशी ने कई शानदार प्रस्तुतियां देकर स्थानीय लोगों और सैलानियों का मनोरंजन किया।

विज्ञापन


रिज मैदान पर सजे पांडाल में राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। समर फेस्टिवल की पहली सांस्कृतिक संध्या में इंडियन आइडल 2012 की टॉप 11 फाइनलिस्ट रहीं कुनिहार की गायिका कृतिका तनवर ने बॉलीवुड और पहाड़ी गीतों से जमकर धमाल मचाया।

कृतिका ने पहाड़ी गीत मेरे प्यारुआ मेरे, पारो आया बंजारा और इसा गरायां देया लंबरा गीत पर दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। स्टार कलाकार अनुज शर्मा ने ओ माही वे, तेरा फितूर, ले जाए कहां हवाएं, ये जो हल्का हल्का सरूर है, दिल दियां गल्लां, माएं नी मेरीए गीत और चंबा आर के पार प्रस्तुत कर खूब वाहवाही लूटी।
विज्ञापन


पंजाब की सूफी गायिका डॉ. ममता जोशी ने समर फेस्टिवल में सूफियाना रंग भर दिया।  कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त शिमला अमित कश्यप, एसपी ओमापति जमवाल, सहायक उपायुक्त निशांत ठाकुर, एडीएम प्रभा राजीव, एडीएम प्रोटोकॉल नरेश ठाकुर, एसडीएम शहरी नीरज चांदला, ग्रामीण नीरज गुप्ता, जिला भाषा अधिकारी त्रिलोक सूर्यवंशी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

स्कूली बच्चों ने जमाया रंग

समर फेस्टिवल के दौरान स्कूली बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। मोनाल पब्लिक स्कूल के छात्रों ने रंगीलो म्हारो ढोलना गीत पर राजस्थानी नृत्य प्रस्तुत किया। वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला खलीनी के छात्रों ने सुकेती नाटी से अपनी प्रस्तुति शुरू की।

पोर्टमोर स्कूल की छात्राओं ने जम्मू कश्मीर का डोगरी नृत्य प्रस्तुत किया। टूटीकंडी स्कूल के छात्रों ने छाड़ी देओ लोको ऐबे गर्भ गिराना गीत के माध्यम से कन्या भ्रूण हत्या को लेकर लोगों को जागरूक किया।

राज्य स्तरीय लोक नृत्य प्रतियोगिता के तहत जिला शिमला, हमीरपुर और ऊना के कलाकारों ने भी प्रस्तुति दी। इसके अतिरिक्त स्थानीय हिमाचली कलाकारों ने भी प्रस्तुति दी।
विज्ञापन

मंगलवार काे होगी हिमाचली पहाड़ी नाइट

समर फेस्टिवल की दूसरी संध्या हिमाचली पहाड़ी नाइट होगी। इसमें पहाड़ी गायक नरेंद्र ठाकुर और विक्की चौहान मुख्य आकर्षण होंगे। मंगलवार को शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज मुख्य अतिथि होंगे। मंगलवार को आंचल पब्लिक स्कूल गुजराती नृत्य, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला लक्कड़ बाजार द्वारा हिमाचली लोकनृत्य, सेंट ऐडवर्ड स्कूल द्वारा कथक नृत्य, बालूगंज स्कूल द्वारा चंबयाली नृत्य, लालपानी स्कूल द्वारा नाटी प्रस्तुत की जाएगी।

भाषाए कला एवं संस्कृति विभाग द्वारा राज्य स्तरीय लोक नृत्य प्रतियोगिता में सिरमौर, बिलासपुर और लाहौल स्पीति जिलों की प्रस्तुति होगी। हिमाचली कलाकारों में केके भारद्वाज, जय प्रकाश, भावना, आरती डोगरा, गोपाल भारद्वाज, दीक्षा देवलस्या, मनोज कुमार, चंद्रमोहन ठाकुर, नीलम गंधर्व, विनोद कुमार, डीआर भारद्वाज, ईशानिका शर्मा, जय प्रकाश, भूमिका हरनोट तथा कला चौहान प्रस्तुति देंगे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें