कोटखाई के गुड़िया प्रकरण में आईजी समेत अन्य पुलिस कर्मियों की गिरफ्तारी को लेकर भाजपा सांसद शांता कुमार ने प्रदेश सरकार पर हमला बोला है। कहा कि इससे पहले प्रदेश के माथे पर इतना बड़ा दाग नहीं लगा है।
उन्होंने सीबीआई की ओर से आईजी और अन्य पुलिस अधिकारियों की गिरफ्तारी को अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण बताया। शांता ने कहा कि मुख्यमंत्री पर लगे गंभीर आरोप और उसके बाद कोटखाई जैसी घटना के कारण पहले ही हिमाचल बदनाम हो चुका है।
कोटखाई जैसे गंभीर अपराध की जांच के लिए जिस आईजी की अध्यक्षता में जांच कमेटी बनाई गई, उस पर ही अपराधियों को बचाने का आरोप लगा है।
हिमाचल के इतिहास में इतने ऊंचे पदों पर बैठे पुलिस अधिकारियों को इस प्रकार के अपराध के आरोप में पहले कभी गिरफ्तार नहीं किया गया।
यह सब बड़े नेताओं के दबाव और धन के लालच के कारण हुआ है। कहा कि प्रदेश की जनता चुनाव का इंतजार कर रही हैं, ताकि कांग्रेस को इतिहास की सबसे अधिक करारी हार देकर हिमाचल के माथे से इस कलंक को धोया जा सके।