पूर्व सांसद ने कहा-महिलाओं और नवजात बच्चों की स्वास्थ्य सेवाओं का बड़ा केंद्र रहा है केएनएच
विज्ञापन
अस्पताल शिफ्ट करने से महिलाओं को होंगी दिक्कतें संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। कमला नेहरू अस्पताल (केएनएच) महिलाओं खास तौर पर प्रसूता महिलाओं के लिए बनाया गया है। महिलाओं की मांग को देखते हुए इसे शिफ्ट करने के विषय में सरकार से बात की जाएगी।
गेयटी थियेटर में शनिवार को शुरू हुई कला प्रदर्शनी में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करने पहुंची पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह ने कहा कि यह अस्पताल वर्षों से महिलाओं और नवजात बच्चों की स्वास्थ्य सेवाओं का बड़ा केंद्र रहा है। अस्पताल को अगर दूसरी जगह स्थानांतरित किया जाता है तो स्वाभाविक है कि प्रसूताओं और उनके परिजनों को दिक्कतें हो सकती हैं। प्रतिभा सिंह ने कहा कि जनता की भावनाओं और उनकी परेशानियों को ध्यान में रखते हुए सरकार से इस मुद्दे पर बातचीत की जाएगी ताकि जनहित में उचित फैसला लिया जा सके। सरकार द्वारा जो निर्णय लिया जाएगा, वह मान्य होगा। आगामी जिला परिषद और स्थानीय निकायों के चुनाव पर प्रतिभा सिंह ने कहा कि लोकतंत्र में हर व्यक्ति को चुनाव लड़ने और आगे बढ़ने का अधिकार है। भाजपा की ओर से जिला परिषद चुनाव पार्टी के नाम पर लड़ने के सवाल पर कहा कि यह कोई नई बात नहीं है। लोग अपने सपनों और जनता की सेवा के उद्देश्य से चुनाव मैदान में उतरते हैं। उन्होंने सभी उम्मीदवारों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी पूरी मजबूती के साथ चुनाव लड़ेगी। वहीं हाल ही में पांच राज्यों के चुनाव नतीजों भविष्य की रणनीति और चुनावी कमियों को लेकर उन्होंने कहा कि हाई कमान इस पर गंभीरता से विचार करेगा।