संसदीय कार्य एवं जनजातीय मामलों के मंत्री रिजिजू ने कहा कि सड़कें चौड़ी होने से लोगों की जीवनशैली में बदलाव दिखेगा। उन्होंने ताबो से आगे की सड़क की खस्ता हालत का जिक्र करते हुए कहा कि इसकी टेंडरिंग प्रक्रिया पूरी हो गई है।
तिब्बत सीमा से लगते जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति के काजा पहुंचे केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि शिमला से रामपुर होते हुए किन्नौर व लाहौल-स्पीति तक की सड़कों को डबललेन किया जाएगा। संसदीय कार्य एवं जनजातीय मामलों के मंत्री रिजिजू ने कहा कि सड़कें चौड़ी होने से लोगों की जीवनशैली में बदलाव दिखेगा। उन्होंने ताबो से आगे की सड़क की खस्ता हालत का जिक्र करते हुए कहा कि इसकी टेंडरिंग प्रक्रिया पूरी हो गई है। शनिवार को काजा के दौरे के दौरान उन्होंने कहा कि मैं यहां के लोगों की दिक्कतें जानने आया हूं। उन्होंने इस मौके पर प्रधानमंत्री जन विकास योजना के तहत कई कल्याणकारी परियोजनाओं की आधारशिला रखकर लोगों को करोड़ों रुपये की सौगात दी।
लोगों को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री ने प्रदेश के जनजातीय क्षेत्रों के विकास के लिए प्रधानमंत्री मोदी की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि अल्पसंख्यक मंत्रालय की जिम्मेदारी मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों से मिलकर मानसून सत्र से पहले ही लाहौल-स्पीति के दौरे का कार्यक्रम बनाया, क्योंकि वह यहां की समस्याओं एवं विकास के मुद्दों को स्वयं जानना चाहते थे। उन्होंने स्पीति में होम स्टे योजना की सराहना की। रविवार को भी रिजिजू लाहौल-स्पीति जिले के ही दौरे पर रहेंगे। उनके साथ मंडी संसदीय क्षेत्र की सांसद कंगना रणौत और स्थानीय विधायक अनुराधा राणा भी मौजूद रहीं।इस दाैरान मंत्री ने सांसद कंगना रणाैत के साथ स्पीति का लोक नृत्य भी किया और इसका एक वीडियो अपने फेसबुक पेज पर शेयर किया।