रिकांगपिओ मिनी स्टेडियम में मनाए जा रहे राज्य स्तरीय किन्नौर महोत्सव की तीसरी सांस्कृतिक संध्या में किन्नौर के कलाकारों के नाम रही। सांस्कृतिक संध्या में लोक कलाकार केदार नेगी, बीरबल किन्नौर और बबली नेगी ने एक से बढ़कर किन्नौरी गीतों से देर रात तक लोगों को नचाया। कलाकार केदार नेगी ने लगा रे लगा दिलों तीर लगा, टेंशन नहीं लेने का टेंशन तो देने का गानों से युवाओं को नाचने पर मजबूर किया।
इस दौरान उन्होंने किन्नौरी पारंपरिक गानों की भी बेहतरीन प्रस्तुतियां दीं। इसके बाद बीरबल किन्नौरा ने मंच संभाला। उन्होंने पैसा पैसा ऐसा कैसा पैसा सहित अनेक गानों से किन्नौरवासियों को झूमने पर मजबूर किया। इसके बाद चंद्र लाल, बबली नेगी, सावन नेगी और श्यामू नेगी ने रंगारंग प्रस्तुति से सांस्कृतिक संध्या का समा बांधा। जिले के अन्य कलाकारों ने भी सांस्कृतिक संध्या में प्रस्तुतियां दीं। उपायुक्त एवं अध्यक्ष मेला समिति राज्य स्तरीय किन्नौर महोत्सव किन्नौर तोरुल एस रवीश ने कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि शिरकत की।
इसके अलावा वनमंडलाधिकारी अरविंद बतौर विशेष अतिथि उपस्थित रहे। राज्य स्तरीय किन्नौर महोत्सव में जिला स्तरीय वाद्य यंत्र प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें शेशेरिंग नागस एक्स जोन क्लब पांगी प्रथम, नागिन युवा क्लब पांगी ने द्वितीय और महादेव खेल एवं सांस्कृतिक क्लब पांगी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इस दौरान मिस किन्नौर प्रतियोगिता का द्वितीय कैट वॉक और तीसरे दौर का आयोजन किया गया। राज्य स्तरीय किन्नौर महोत्सव में जिने के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने भी प्रस्तुतियां दीं। इस अवसर पर उपायुक्त किन्नौर तोरुल एस रवीश और एसपी विवेक चहल सहित अन्य गण्यमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।