एक ऐसा गांव जहां फुटबाल का इतना क्रेज है कि गांव के लगभग हरेक घर से फुटबाल खिलाड़ी है। हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के हरोली विधानसभा क्षेत्र के खड्ड गांव की यही खासियत है। प्रदेश भर में फुटबाल की नर्सरी के नाम से पहचाने जाने वाले खड्ड गांव में प्रशिक्षण ले रही दर्जनों बेटियां आसमान छूने को तैयार हैं।
युवाओं और खासकर लड़कियों के फुटबाल में बढ़ते क्रेज को देखते हुए ही प्रदेश सरकार ने यहां फुटबाल अकादमी तथा स्टेडियम स्थापित करने की कवायद शुरू कर दी है। स्थानीय विधायक तथा प्रदेश में उद्योग मंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने यहां फुटबाल खेल की आधारभूत संरचना के लिए करोड़ों रुपये की राशि स्वीकृत कराई है।
खड्ड गांव में स्थित फुटबाल स्टेडियम में स्थापित की जा रही फुटबाल अकादमी ने खेल को बढ़ावा देने के लिए संजीवनी का काम किया है। यहां न सिर्फ लड़कों ने फुटबाल की बारीकियां सीख कर जिले और प्रदेश का नाम रोशन किया है। बल्कि यहां की बेटियां भी राष्ट्रीय स्तर की खेलों में प्रदेश तथा अपने गांव का नाम चमका चुकी हैं।
सुबह पांच बजे शुरू होती है रौनक
खड्ड की फुटबाल अकादमी में अंतरराष्ट्रीय स्तर के कोच खिलाड़ियों की प्रतिभा को तराश रहे हैं। फुटबाल कोच दीपक शर्मा के नेतृत्व में यहां करीब डेढ़ सौ छात्राएं फुटबाल खेल की बारीकियां सीख रही हैं। यहां की फुटबाल खिलाड़ी देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समक्ष भी प्रतिभा दिखा चुकी हैं। खड्ड से प्रशिक्षण प्राप्त लड़कियां नेशनल तथा सब जूनियर खेल चुकी हैं। खड्ड स्थित फुटबाल स्टेडियम में सुबह पांच बजे रौनक शुरू हो जाती है।
गांव की खिलाड़ी छात्राएं बाकायदा किट में तैयार होकर फुटबाल सीखने के लिए पसीना बहा रही हैं। कोच दीपक शर्मा ने बताया कि खिलाड़ियों को फुटबाल के बेसिक्स के अलावा खेल से संबंधित अन्य प्रशिक्षण दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि यहां से नेशनल व जूनियर स्तर पर 20-20 जबकि सब जूनियर स्तर पर 18 खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुके हैं।
धीरज दत्ता ने लगाया इंडिया टीम का कैंप
फुटबॉल में बेहतर प्रदर्शन करने पर गांव के युवा खिलाड़ी धीरज दत्ता इंडिया टीम में कैंप लगा चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने अन्य प्रतियोगिताओं में भी हिस्सा लिया है।
उद्योग मंत्री मुकेश अग्निहोत्री का कहना है कि फुटबाल की नर्सरी से मशहूर खड्ड गांव में फुटबाल का खेल देखते हुए सरकार ने यहां अकादमी तथा स्टेडियम स्थापित करने का निर्णय लिया।
उन्होंने बताया कि करोड़ों की इस योजना के लिए 1 करोड़ 87 लाख रुपये स्वीकृत कर दिए गए हैं। निर्माण कार्य में बजट की कमी नही आने दी जाएगी। खड्ड गांव ने कई राष्ट्रीय स्तर के फुटबाल खिलाड़ी दिए हैं। खड्ड गांव जल्द राष्ट्रीय मानचित्र पर उभरेगा।