इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज में भीड़ भाड़ कम करने और रोगियों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध करवाने के लिए चमियाणा में आईजीएमसी का नया कैंपस बनेगा। इसके लिए साइट प्लान बनाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इन दिनों साइट प्लान की कंटूरिंग का काम चल रहा है।
शनिवार को पीरन पंचायत के ट्राई में पीएचसी के उद्घाटन अवसर पर जन सभा को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री ठाकुर कौल सिंह ने यह बात कही। उन्होंने ट्राई पीएचसी के नए भवन के लिए 15 लाख स्वीकृत करने की भी घोषणा की। उन्होंने बताया कि प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए इस वित्त वर्ष में 1450 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
ट्राई पीएचसी को एक्सरे मशीन, लेबोरेटरी और अन्य आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा। गत तीन वर्षो के दौरान प्रदेश में 130 नए स्वास्थ्य संस्थान प्रदेश के दूरदराज के क्षेत्रों में खोले गए। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा प्रदेश में 3 नए मेडिकल कॉलेज सिरमौर के नाहन, हमीरपुर और चंबा में खोले जा रहे हैं जिसके लिए 190 करोड़ प्रति कॉलेज के हिसाब से धनराशि का प्रावधान किया गया है।
उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से निर्णय लिया है कि सरकारी अस्पतालों व स्वास्थ्य केंद्रों में 56 प्रकार की जीवन रक्षक दवाइयां मुफ्त उपलब्ध करवाई जाएंगी। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि लोगों की राजस्व संबंधी सुविधाओं को और अधिक बेहतर बनाने की दृष्टि से प्रदेश में शीघ्र ही 1120 नए पटवारियों के पद भरे जाएंगे। तीन वर्षो के दौरान 718 पद भरे जा चुके हैं।
कुसुम्पटी बनेगा मॉडल विधानसभा क्षेत्र : अनिरुद्ध
कसुम्पटी विधानसभा क्षेत्र के विधायक अनिरुद्ध सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में शिमला जिला में कुल 17 स्कूल स्तरोन्नत हुए। इनमें से 10 स्कूल कसुम्पटी निर्वाचन क्षेत्र में खोले गए हैं। उन्होंने बताया कि कसुम्पटी निर्वाचन क्षेत्र को विकास का मॉडल बनाने के लिए भरसक प्रयास किए जा रहे हैं।
पीरन पंचायत में पेयजल एवं सिंचाई की समस्या के निदान के लिए नाबार्ड की सहायता से विधायक प्राथमिकता के तहत एक महत्वकांक्षी पेयजल एवं सिंचाई योजना पर विचार किया जा रहा है ताकि लोगों को पीने के अतिरिक्त फसलों की सिंचाई के लिए सुविधा उपलब्ध हो सके।
स्वास्थ्य मंत्री ने युवा इंद्र सिंह को किया सम्मानित
स्वास्थ्य मंत्री ने पीएचसी के उद्घाटन के मौके पर ट्राई गांव के युवक इंद्र सिंह को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के लिए निशुल्क भवन उपलब्ध करवाने के लिए सम्मानित किया।