शिमला में कश्मीरी सभा अध्यक्ष एवं सीआईडी एडीजीपी के पद से रिटायर हुए बीएल पंडित ने कहा कि कश्मीर को लेकर 70 साल पहले जो गलती हुई थी, उसे अब सुधारा गया है। यह फैसला पहले होना चाहिए था। एक देश, एक संविधान, एक झंडा अब लागू होगा। पहले भारत खंडित था जो अब एक हो गया है।
कश्मीर और देश को होगा फायदा
राजधानी में बसे कश्मीर के जवाहर कौल ने कहा कि कश्मीर पर तीन राज्यों के बराबर पैसा खर्च होता था। लेकिन नतीजा नहीं मिल रहा था। धारा 370 के संबंध में लोगों को गुमराह किया जाता रहा। अब केंद्र शासित राज्य बनने से कश्मीर और देश के विकास की राह आसान हो जाएगी।
अब वापस मिला है देश का मुकुट
कश्मीरी विस्थापित सुशील कौल ने कहा कि यह गोल्डन आजादी है। देश को कश्मीर के रूप में मुकुट वापस मिल गया है। इस फैसले से अलगाववादियों की कमर टूटेगी जो धारा 370 की आड़ में दुकान चला रहे थे। 30 साल से कश्मीरी पंडित अज्ञातवास में है लेकिन इस फैसले से उनके लौटने की उम्मीद जगी है।