हिमाचल के एक प्राइवेट स्कूल ने मनमानी की सारी हदें पार कर दीं। 30 बच्चों को पकड़कर उनके जबरदस्ती बाल कटवा दिए। ये छात्र सदमे में हैं। यह सनसनीखेज मामला हिमाचल के जिला कांगड़ा का है।
यहां नामी प्राइवेट स्कूल में 30 छात्रों के जबरन बाल काटने पर विवाद हो गया है। बीते शुक्रवार को स्कूल की इस हरकत से अभिभावक बेहद खफा हैं। शनिवार को तमाम अभिभावकों ने स्कूल प्रबंधन की दादागिरी के खिलाफ जमकर हंगामा किया।
माहौल बिगड़ता देख स्कूल में पुलिस बुलानी पड़ी। डीएसपी नूरपुर नवदीप सिंह ने स्कूल प्रबंधन के खिलाफ उचित कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया, तब जाकर अभिभावक शांत हुए। अभिभावकों ने बताया कि उनके बच्चे चोर-डकैत नहीं हैं, जिनके साथ ऐसा घिनौना कृत्य किया गया है।