कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक (केसीसीबी) में विभिन्न श्रेणियों के 216 पदों पर भर्ती के लिए आठ और नौ जुलाई को होने जा रही लिखित परीक्षा के लिए राज्य भर में 319 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने मंगलवार को जिला और उपमंडल स्तर पर बनाए गए परीक्षा केंद्रों की सूची जारी कर दी है।
उपमंडल स्तर पर परीक्षा केंद्रों की सूची बोर्ड की वेबसाइट पर उपलब्ध है। सर्वाधिक परीक्षा केंद्र क्लर्क ग्रेड चार के पदों के लिए नौ जुलाई को होने वाली परीक्षा के लिए बनाए गए हैं। बोर्ड सचिव शुभकरण सिंह ने बताया कि परीक्षा के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड कम रोल नंबर भी बोर्ड की वेबसाइट पर डाल दिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि अभ्यर्थी बोर्ड की वेबसाइट में दिए बोर्ड परीक्षा से संबंधित लिंक में जाकर अपना प्रार्थना पत्र नंबर और जन्मतिथि दर्ज कर एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं। बोर्ड डाक के जरिये उम्मीदवारों को रोल नंबर नहीं भेजेगा। आठ जुलाई को सहायक प्रबंधक ग्रेड तीन के पदों के लिए सुबह दस से दोपहर 12 बजे तक परीक्षा होगी।
जबकि जूनियर कंप्यूटर प्रोग्रामर के पदों के लिए एक बजे से साढ़े तीन बजे तक परीक्षा होगी। नौ जुलाई को क्लर्क ग्रेड चार के पदों के लिए सुबह दसे से साढ़े 11 बजे तक परीक्षा होगी, जबकि कंप्यूटर ऑपरेटर ग्रेड चार की परीक्षा एक बजे से अढ़ाई बजे तक होगी।