मुल्थान कॉलेज में तैनात तीन प्राध्यापकों की ड्यूटी चुनाव में लगा दी गई है। इससे 62 विद्यार्थियों का भविष्य अधर में लटक गया है। कॉलेज में प्राचार्य सहित तीन प्राध्यापक हैं। इन सभी की ड्यूटी चुनाव के लिए लगा दी गई है। मुल्थान कॉलेज के सभी प्राध्यापकों की दो नवंबर को बैजनाथ में चुनावी रिहर्सल है।
इसके बाद उनको चुनाव ड्यूटी पर भेज दिया जाएगा। जबकि कालेज में 13 नवंबर तक पहले सेमेस्टर की परीक्षाएं चलनी हैं। ऐसे में दो नवंबर के बाद होने वाली परीक्षाएं कौन लेगा, इस पर संशय पैदा हो गया है। छोटा भंगाल में युवाओं को घर द्वार उच्च शिक्षा देने के लिए इसी साल कॉलेज खोला गया है।
कॉलेज के तीन प्राध्यापकों को चुनावी ड्यूटी देने के फरमान जारी कर दिए गए हैं। कॉलेज में इन दिनों पहले सेमेस्टर की सालाना परीक्षाएं चल रही हैं। पंचायत प्रधान सुरेंद्र, कालेज के अभिभावक-अध्यापक संघ के अध्यक्ष सीता राम ने बताया कि 13 अक्तूबर से 11 नवंबर तक सालाना परीक्षाएं हैं।
ऐसे में कॉलेज के प्राध्यापकों को चुनाव ड्यूटी पर भेजना उचित नहीं है। विद्यार्थियों आशीष, सौरभ, अनीता और अर्चना आदि ने कहा कि उनकी प्रथम सेमेस्टर की सालाना परीक्षाएं चल रही हैं। उधर, कॉलेज के प्राचार्य डॉ. भाग चंद ने कि कॉलेज में केवल तीन ही प्राध्यापक कार्यरत हैं। प्रथम सेमेस्टर की परीक्षाएं चल रही हैं, लेकिन प्रशासन ने सभी प्राध्यापकों की चुनाव में ड्यूटी लगा दी है।
इस बारे में बैजनाथ के सहायक चुनाव अधिकारी एवं एसडीएम तथा जिला निर्वाचन अधिकारी को भी सूचना दे दी गई है। विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार को भी सूचित कर दिया गया है। बैजनाथ के एसडीएम मुरारी ने कहा कि इस बारे में कॉलेज प्राचार्य से जानकारी मिली है। इस मामले को जिला निर्वाचन अधिकारी को कार्यवाही के लिए भेज दिया है।