शिमला। शहीद वेद प्रकाश राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बायचड़ी की छात्रा कंचन का चयन डॉ. आंबेडकर मेधावी छात्रवृत्ति योजना 2026 के लिए हुआ है। कंचन ने मैट्रिक की परीक्षा में 700 में से 652 अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया था। इस उपलब्धि के आधार पर उन्हें राज्य स्तरीय छात्रवृत्ति के लिए चुना गया है। योजना के तहत चयनित विद्यार्थियों को दो वर्षों तक प्रतिवर्ष 18 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। प्रधानाचार्य डॉ. राजेंद्र बंसल ने स्कूल में कंचन को सम्मानित किया। प्रधानाचार्य ने कहा कि यदि कंचन जमा दो की परीक्षा में हिमाचल प्रदेश के टॉप-10 विद्यार्थियों में स्थान हासिल करती है तो तीन वर्षों तक भी उसकी पढ़ाई का खर्च वह वहन करेंगे। पिछले वर्ष भी तीन छात्राओं का मेधावी छात्रवृत्ति योजनाओं के लिए चयन हुआ था। इनमें मानसी शर्मा का चयन स्वामी विवेकानंद मेधावी छात्रवृत्ति योजना, गुनगुन और सिमरन का चयन डॉ. आंबेडकर मेधावी छात्रवृत्ति योजना के लिए हुआ था। संवाद