शिमला। सावन माह के कृष्ण पक्ष की पवित्र कामिका एकादशी इस साल 9 अगस्त को मनाई जाएगी। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार यह एकादशी भगवान विष्णु को समर्पित है। राधा-कृष्ण मंदिर के पुजारी उमेश नौटियाल ने बताया कि एकादशी 8 अगस्त को दोपहर 2:00 बजे प्रारंभ होगी जबकि इसका समापन 9 अगस्त को सुबह 11:06 बजे होगा। व्रत का पारण 10 अगस्त को सुबह 5:47 से 8:00 बजे के बीच किया जाएगा। उन्होंने बताया कि धार्मिक ग्रंथों में कामिका एकादशी को अत्यंत पुण्यदायी बताया है। मान्यता है कि इस व्रत के प्रभाव से ब्रह्महत्या जैसे महापापों का भी नाश होता है। पुराणों में इसका पुण्य अश्वमेध यज्ञ के समान बताया गया है। उन्होंने कहा कि सावन मास भगवान शिव का प्रिय महीना माना जाता है। ऐसे में कामिका एकादशी पर भगवान विष्णु की विधिवत पूजा-अर्चना करने से भगवान शिव और भगवान विष्णु दोनों की कृपा प्राप्त होने का धार्मिक विश्वास है। पंडित उमेश नौटियाल ने श्रद्धालुओं से कामिका एकादशी का व्रत श्रद्धा, संयम और विधि-विधान के साथ करने का आह्वान किया।