केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने कहा कि दिसंबर 2021 तक बिलासपुर में एम्स पूरी तरह तैयार कर लिया जाएगा। एम्स निर्माण के लिए करोड़ों रुपये के टेंडर खुलने जा रहे हैं। नड्डा ने कहा कि जो 1351 करोड़ रुपये एम्स के लिए मंजूर किए गए हैं, उनमें से दस करोड़ रुपये जारी किए जा चुके हैं।
जल्द ही और 113 करोड़ रुपये जारी किए जाएंगे। एम्स की जमीन को लेकर नड्डा ने कहा कि 269.46 हेक्टेयर भूमि में से 158.63 हेक्टेयर जमीन एम्स के नाम हो गई है। 110.8 हेक्टेयर वन भूमि एम्स के नाम होना बाकी है।
पशुपालन विभाग की 22.43 हेक्टेयर जमीन भी एम्स के नाम होनी है। केंद्रीय मंत्री श्री नयना देवी में मां के दर माथा टेकने के बाद ‘अमर उजाला’ से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जल्द ही बिलासपुर को योग्य सम्मान दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के ध्यान में सब कुछ है। यथा योग्य, यथा सम्मान व यथा समय पर सब कुछ सही होगा। अयोध्या में श्रीराम मंदिर के सवाल को नड्डा टाल गए। उन्होंने कहा कि इन मुद्दों पर बोलने के लिए राष्ट्रीय प्रवक्ता हैं।