केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने राजधानी शिमला में अपने ड्रीम प्रोजेक्ट का एेलान किया। केंद्र सरकार देश के 40 करोड़ आम लोगों को स्वास्थ्य बीमा योजना के दायरे में लाने जा रही है। इसमें हिमाचल भी शामिल किया गया है।
विज्ञापन
इस योजना के तहत हर व्यक्ति का एक लाख रुपये तक का बीमा किया जाएगा, जबकि 60 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के व्यक्तियों का 1.30 लाख रुपये का बीमा होगा। शिमला में आयोजित प्रेस वार्ता में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने बताया कि केंद्र सरकार जल्द ही इस प्रोजेक्ट की गाइडलाइन जारी करेगी।
पहले चरण में इस योजना के तहत बीपीएल लोगों को शामिल किया जाएगा। इसके बाद सामान्य मध्यवर्ग के परिवारों को शामिल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने हिमाचल के विकास कार्यों के लिए धन की कोई कमी नहीं रखी है।
विज्ञापन
हिमाचल सरकार ने जो भी मांगा है, उससे ज्यादा ही दिया है। उन्होंने हिमाचल सरकार को स्वास्थ्य प्रोजेक्टों की डीपीआर जल्द तैयार करने को कहा। उन्होंने कहा कि जिस तरह से केंद्र सरकार विकास कार्यों में तेजी दिखा रही है, उसी तरह प्रदेश सरकार को भी डीपीआर में स्पीड पकड़ने की जरूरत है।
केंद्र ने मुझे सौंपी है हिमाचल की जिम्मेदारी : नड्डा
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा
- फोटो : अमर उजाला
हिमाचल में 56 नेशनल हाईवे की समीक्षा बैठक को लेकर शिमला पहुंचे केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा के दौरे से सूबे की सियासत फिर गरमा गई है। भले ही नड्डा ने इस बार हिमाचल से भाजपा के अगले सीएम के सवाल को हंसकर टाल दिया।
लेकिन केंद्र की ओर से उन्हें सूबे की जिम्मेदारी सौंपने के बयान से राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। एक सवाल के जवाब में नड्डा ने कहा कि केंद्र सरकार ने हिमाचल प्रदेश की जिम्मेवारी उन्हें सौंपी है। इसी के चलते वह नेशनल हाईवे की अधिसूचना लेकर यहां पहुंचे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की ओर से मांग किए बिना ही केंद्रीय मंत्री हिमाचल को देने के लिए यहां आ रहे हैं ताकि विकास के रथ पर प्रदेश आगे बढ़ सके। हिमाचल में अगले साल विधानसभा चुनाव में भाजपा के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार के सवाल को उन्होंने हंसकर टालते हुए नो कमेंट कह दिया।
बता दें कि हाल ही में कुल्लू दौरे के दौरान नड्डा ने कहा था कि अगले विधानसभा चुनाव में पार्टी उन्हें मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार बनाती है तो वे इसके लिए तैयार हैं।
56 एनएच से जुड़ेंगे सूबे के कई कस्बे
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने कहा कि हिमाचल के 56 नेशनल हाईवे से कई कस्बों को जोड़ा जाएगा। उन्होंने इसके लिए राज्य सरकार को सप्ताह भर के भीतर मोडिफिकेशन करने को कहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार जल्द कंसलटेंट अप्वाइंट करे और इसकी डीपीआर तैयार करवाए।
नड्डा ने कहा कि एनएचएआई भी जल्द ही शिमला-धर्मशाला फोरलेन का निर्माण कार्य शुरू करेगी। नड्डा ने समीक्षा बैठक के बाद पीटरहॉफ में मीडिया से बातचीत में केंद्र की ओर से घोषित 56 एनएच की सैद्धांतिक मंजूरी की घोषणा भी की।
नड्डा ने पूर्व में मंजूर चार और एनएच का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश में कुल 3,759 किमी सड़कों का निर्माण किया जाएगा। इन परियोजनाओं पर 13,000 करोड़ रुपये से ज्यादा की लागत आएगी। केंद्र ने हिमाचल की भौगोलिक परिस्थितियों का आंकलन करते हुए परियोजनाओं में केंद्र-राज्य वित्तीय मदद का अनुपात 90:10 कर दिया है।
14वें वित्त आयोग में भी राज्यों को दी जाने वाली आर्थिक मदद को 32 से बढ़ाकर 42 फीसदी कर दिया गया है। हिमाचल को 2010-15 में 10,454 करोड़ रुपये के अनुदान के मुकाबले 2015-20 में 43,810 करोड़ का अनुदान दिया है।
राज्य राहत कोष में 2010-15 में 6500 करोड़ के मुकाबले 2015-20 में 10,304 करोड़ किया गया है। नड्डा ने कहा कि केंद्र सरकार के पास धन की कमी नहीं है। प्रदेश सरकार को अपने कार्य में तेजी लानी होगी।
सत्ती, बिंदल, जयराम और रणधीर ने बंद कमरे में की मुलाकात
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा
- फोटो : अमर उजाला
होटल पीटरहॉफ में भले ही समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया था लेकिन भाजपाइयों की भीड़ कुछ और ही संकेत कर रही थी। नड्डा से मिलने के लिए यहां छोटे-बड़े तमाम भाजपा नेता जुटे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती, पूर्व मंत्री डॉ. राजीव बिंदल, जयराम ठाकुर और विधायक रणधीर शर्मा ने नड्डा से बंद कमरे में मुलाकात भी की।
कौल सिंह से आधा घंटा बातचीत
नड्डा ने प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री कौल सिंह के साथ आधा घंटा बंद कमरे में बातचीत की। नड्डा से पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि प्रोटोकॉल के तहत यह मुलाकात हुई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश स्वास्थ्य मंत्री के साथ हिमाचल में केंद्र प्रायोजित स्वास्थ्य प्रोजेक्ट को लेकर चर्चा हुई है।