हिमाचल हाईकोर्ट में एक बार फिर नौकरियों का पिटारा खुल गया है। विभिन्न श्रेणियों के तहत कुल 103 पदों पर भर्ती की जा रही है। इसके लिए आवेदन भी मांग लिए गए हैं।
युवा 21 अगस्त तक आवेदन कर सकते हैं। हाईकोर्ट की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार सभी आवेदन ऑनलाइन ही करने होंगे। सिविल और सेशन डिवीजन कोर्ट में तृतीय श्रेणी क्लर्क के कुल 72 पद भरे जा रहे हैं।
इसी तरह हाईकोर्ट और सब ऑर्डिनेट कोर्ट में क्लर्क और प्रूफ रीडर के 17 जबकि अनुबंध आधार पर जूनियर ऑफिस असिस्टेंट के 14 पद भरे जा रहे हैं।
ये योग्यताएं होना अनिवार्य
क्लर्क के पदों के लिए वही उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं जिन्होंने ग्रेजुएशन पूरी कर ली है। इसके अलावा कंप्यूटर की जानकारी होना भी जरूरी है। लिखित परीक्षा में पास होने वाले उम्मीदवारों का टाइपिंग टेस्ट लिया जाएगा। जूनियर ऑफिस असिस्टेंट के पदों को भरने के लिए कंप्यूटर में डिप्लोमा या डिग्री होना अनिवार्य है।
इस बार आवेदन के समय उम्मीदवारों को अपना मोबाइल नंबर देना भी अनिवार्य होगा क्योंकि परीक्षा के लिए रोलनंबर मोबाइल पर ही एसएमएस किए जाएंगे। अलग से कोई लैटर या एडमिट कार्ड नहीं भेजा जाएगा। अधिक जानकारी के अनुसार हाईकोर्ट की वेबसाइट चैक की जा सकती है।
ये रहेगी फीस
सामान्य वर्ग के युवाओं के लिए आवेदन शुल्क 300 रुपये रखा गया है जबकि आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को 150 रुपये शुल्क जमा करना होगा। सभी आवेदन ऑनलाइन लिए जाएंगे।
ऐसे में आवेदनकर्ता फीस भी डेबिट या क्रेडिट कार्ड से ऑनलाइन ही जमा कर सकते हैं। इसके अलावा ई चालान की भी सुविधा है, जिसमें एसबीआई की किसी भी शाखा में जाकर फीस जमा करनी होगी।
ये होगा परीक्षा का शेड्यूल
सेशन व सिविल डिविजन कोर्ट में भरे जा रहे क्लर्कों के 72 पदों के लिए चार सितंबर को स्क्रीनिंग टेस्ट लिया जाएगा। लिखित परीक्षा और टाइपिंग टेस्ट 18 सितंबर को लिए जाएंगे। इनमें क्वालीफाई करने वाले उम्मीदवारों के 3 अक्तूबर साक्षात्कार होंगे।
वहीं सब ऑडिनेट कोर्ट में भरे जा रहे 31 पदों के लिए 10 सितंबर को स्क्रीनिंग टेस्ट जबकि 25 सितंबर को लिखित परीक्षा व टाइपिंग टेस्ट रखे गए हैं। इंटरव्यू 3 अक्तूबर को आयोजित किए जाएंगे।