पंजाब सरकार से करेंगे जेजों में पुल निर्माण की बात : अग्निहोत्री
उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि हरोली की सीमा से लगता जेजों क्षेत्र पंजाब राज्य के अंतर्गत आता है, ऐसे में वहां पुल निर्माण के मुद्दे पर पंजाब सरकार से बातचीत की जाएगी। यह पुल हिमाचल के लोगों के आवागमन के लिए भी महत्वपूर्ण है। खासकर हरोली में 2200 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला ड्रग पार्क इससे कनेक्ट होगा। ऐसे में वहां पुल की आवश्यकता है। उन्होंने हरोली विस के अपने दौरे में बाथू-बाथड़ी क्षेत्र में बाढ़ प्रभावित इलाकों, विशेष रूप से औद्योगिक इकाइयों में हुए नुकसान का जायजा लिया। ऊना में अलग-अलग हादसों में 14 लोगों की मृत्यु पर शोक व्यक्त किया और पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने प्रभावित परिवारों को सरकार की ओर से हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। उधर, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने भी बाथड़ी का दौरा किया। बाढ़ प्रभावित परिवारों से मिलकर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कर उन्हें ढांढस बंधाया।