सेंट्रल कश्मीर में बडगाम जिले के ड्रांग में आतंकवादियों के साथ हुई मुठभेड़ में सेना के जेसीओ सूबेदार राज कुमार शहीद हो गए हैं। सूचना के अनुसार जब शहीद राज कुमार रात्रि गश्त के बाद डयूटी से लौट रहे थे, तभी आतंकवादियों ने उन पर हमला कर दिया। लेकिन जवाबी कार्रवाई और आतंकियों से लोहा लेते सूबेदार राज कुमार बूरी तरह जख्मी हो गए।
आतंकी हमले में शहीद राज कुमार को कई गोलियां लगी थी। इसके बाद उन्हें तुरंत प्राथमिक उपचार दिया गया और अस्पताल भेजा गया, लेकिन बूरी तरह जख्मी होने के कारण गंभीर हालत में उनकी मृत्यु हो गई।
ड्रांग में तैनात शहीद राज कुमार राष्ट्रीय राइफल की 53वीं ईकाई में सूबेदार थे। उनका जन्म 9 मार्च 1970 को हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा में नूरपुर तहसील के तहत आने वाले गांव खन्नी में हुआ। 47 वर्षीय शहीद राज कुमार ने 1990 में आर्मी ज्वाइन की थी।