हिमाचल प्रदेश सरकार ने पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव के लिए 17, 19 और 21 जनवरी को सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है। राज्य में तीन चरणों में होने वाले पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव में मतदान के लिए यह अवकाश दिया गया है। मुख्य सचिव अनिल खाची ने आदेश जारी कर दिए हैं। जिन क्षेत्रों में यह चुनाव हो रहा है, वहां के वोटरों को यह छुट्टी दी गई है।
यह अवकाश राज्य के सरकारी विभागों, शिक्षण संस्थानों, निगमों, बोर्डों, औद्योगिक संस्थानों में वैतनिक अवकाश रहेगा। राज्य के विभिन्न हिस्सों में नौकरी करने वाले ऐसे वोटरों को विशेष कैजुअल अवकाश मिलेगा, ताकि वे अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें। यह अवकाश कर्मचारियों को तभी मिलेगा, अगर वे इस संबंध में संबंधित पीठासीन अधिकारी से प्रमाणपत्र लाकर प्रस्तुत करेंगे।