शिमला। लोकसभा चुनाव के नामांकन के चौथे दिन जनता कांग्रेस पार्टी के रोबट कुमार और भारतीय परिवार पार्टी के मदन लाल ने अपना नामांकन दाखिल किया। उम्मीदवार रोबट और मदन लाल अपने समर्थकों के साथ नामांकन दर्ज करने पहुंचे थे। लोकसभा चुनाव के दृष्टिगत नामांकन के चौथे दिन शुक्रवार को शिमला (अनुसूचित जाति) संसदीय निर्वाचन क्षेत्र से जनता कांग्रेस पार्टी के उम्मीदवार रोबट कुमार पुत्र कांति प्रकाश, गांव ढबलोग डाकघर ममलीग तहसील कंडाघाट जिला सोलन और अखिल भारतीय परिवार पार्टी के उम्मीदवार मदन लाल पुत्र राम लाल गांव शहलोग डाकघर सायरी तहसील कंडाघाट जिला सोलन ने अपने नामांकन रिटर्निंग अधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी शिमला अनुपम कश्यप के समक्ष दर्ज किए। इस दौरान रिटर्निंग अधिकारी ने दोनों उम्मीदवारों को चुनाव संबंधित शपथ भी दिलाई। रिटर्निंग अधिकारी ने बताया कि चुनाव के लिए उम्मीदवार 14 मई को दोपहर 3 बजे तक नामांकन दर्ज कर सकते हैं। नामांकन की जांच 15 मई को होगी। अभी तक शिमला संसदीय क्षेत्र से कुल 4 नामांकन दाखिल हुए हैं। इस अवसर पर अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी (कानून एवं व्यवस्था) अजीत भारद्वाज, तहसीलदार निर्वाचन राजेंद्र शर्मा, नायब तहसीलदार किशोर ठाकुर मौजूद रहे।संवाद