केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण और खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि ओपीएस (ओल्ड पेंशन स्कीम) अभी दूर की कौड़ी है। ओपीएस का वादा कर सत्ता संभालने वाली कांग्रेस सरकार ने तीन महीने से कर्मचारियों के वेतन से एनपीएस का शेयर काटकर इसका संकेत दे दिया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने पिछले तीन महीने में प्रदेश की जनता को कुछ नहीं दिया। उन्होंने केवल छीनने का ही काम किया है। लोगों की सुविधा के लिए पूर्व की सरकारों ने संस्थान खोले थे, उन्हें इस सरकार ने बंद करने का काम किया। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने मंगलवार को हमीरपुर में जन औषधि दिवस पर आयोजित कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत में यह बात कही।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने सरकार बनने पर हर माह 1500 रुपये महिलाओं के खाते में डालने का वादा भी किया था। इसके उलट सरकार खुद 1500 करोड़ रुपये का ऋण ले चुकी है। कुल्लू जिले के मणिकर्ण में हुई घटना पर्र प्रतिक्रिया देते केंद्रीय मंत्री अनुराग ने कहा कि हिमाचल के मुख्यमंत्री का बार-बार यह बयान आता है कि जिस राज्य में 97 फीसदी हिंदू रहते हैं, वहां हमने हिंदुत्व की विचाराधारा को हराया। चुने हुए प्रतिनिधि का इस तरह का बयान देश के हिंदुओं का अपमान है। अनुराग ने पूछा, क्या कांग्रेस ने हिंदुओं का अपमानित करने का ठेका ले रखा है। कभी हिंदू आतंकवाद तो कभी चुनाव जीतने के बाद हिंदुओं को नीचे दिखाने का काम करती है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पंजाब की तरह हिमाचल प्रदेश में भी कानून व्यवस्था न चरमराए, इसके लिए अभी से उचित कदम उठाने होंगे। मुख्यमंत्री सुक्खू को नई-नई जिम्मेवारी मिली है, इसलिए वह थोड़ा संभल कर चलें। प्रदेश के हालात ठीक रहेंगे तो सबके लिए अच्छा रहेगा।
अविवाहित युवक की कहानी से की सरकार की तुलना
अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस सरकार पर चुटकी लेते कहा कि बाबा होई थे। एक बार एक लड़के की शादी नहीं हो रही थो उसके पिता उसे बाबा के पास ले गए। बाबा के दरबार में पहुंचते ही लड़के को उसके चाचा का फोन आया कि तुम्हारी माता गुजर गईं। लड़का कहता है, वाह बाबा होई मेरी ता नी होई पर बापू दी थी खोई।
सियासी जमीन खो चुके राहुल
केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि राहुल गांधी अपने देश में सियासी जमीन खो चुके हैं। अब वह विदेशी मित्रों, विदेशी एजेंसियों व विदेशी समाचार पत्रों, विदेशी विवि व विदेशी जमीन से भारत को बदनाम करने का प्रयास कर रहे हैं। विदेशी जमीन पर नौटंकी करने से राहुल गांधी केवल देश की नजरों में गिर रहे हैं। उन्हें याद रखना होगा कि वोट तो देश में ही लेना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि माइक बंद करने के झूठे बयान पर राहुल गांधी संसद में आकर अध्यक्ष से माफी मांग चुके हैं। उत्तर-पूर्व राज्यों में भाजपा की गठबंधन वाली सरकारें बनने की हकीकत को कांग्रेस पचा नहीं पा रही है। दुनियाभर में नरेंद्र मोदी की बढ़ती लोकप्रियता राहुल गांधी को चुभती है।