प्रदेश की बदहाली के लिए पिछली भाजपा सरकार जिम्मेदार : कौल सिंह
वरिष्ठ कांग्रेसी नेता और पूर्व मंत्री कौल सिंह ठाकुर ने कहा कि पूर्व में रही भाजपा सरकार के कारण आज हिमाचल की अर्थव्यवस्था बुरी माली हालत में है। ऐसे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पहाड़ी प्रदेश के साथ बिना किसी भेदभाव के आपदा में हुए नुकसान की भरपाई करनी चाहिए। मंडी में प्रेस वार्ता में कौल सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार का बचत उत्सव महज एक ड्रामा है। उस ड्रामे से भाजपा नेता जनता को दिए दुख का जश्न मनाने में लगे हुए हैं। यूपीए सरकार अपने प्रस्ताव में जीएसटी की 5 और 12 प्रतिशत दो दरें लेकर आई थी। उस समय नरेंद्र मोदी गुजरात के मुख्यमंत्री हुआ करते थे और उन्होंने भाजपा के अन्य नेताओं सहित इसका विरोध किया था। धर्मपुर बस स्टैंड और बाजार में पिछले दिनों सोन खड्ड के कहर पर कौल सिंह ने कहा कि जब यहां बस स्टैंड बनाने का प्रस्ताव रखा गया था तो उस समय वह भी वहां थे। उन्होंने इसका विरोध किया था, लेकिन उस दौरान उनकी एक भी नहीं सुनी गई। एक प्रश्न के जवाब में उन्होंने हाईकमान से आग्रह किया कि पंचायत चुनाव और 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए कार्यकारिणी गठित की जाए। उनके साथ पूर्व मंत्री प्रकाश चौधरी, पूर्व प्रदेश महासचिव चेतराम ठाकुर, कांग्रेस नेत्री चंपा ठाकुर सहित अन्य भी मौजूद रहे।