भाजपा के शिमला से सांसद सुरेश कश्यप की अध्यक्षता में प्रतिनिधिमंडल राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल के मिला। कश्यप ने बताया कि उन्होंने ज्ञापन राज्यपाल को सौंपा। इसमें बताया गया कि प्रदेश में भारी बरसात के कारण बड़ी आपदा आई है। इसके कारण प्रदेश में भारी जान-माल की क्षति हुई है। कई लोग घर-गांव छोड़कर शरणार्थियों की तरह जीवन जीने के लिए विवश हैं। उनके संसदीय क्षेत्र में कई समस्याएं हैं, जिसके बारे में वह उनको अवगत करवाना चाहते हैं।
उन्होंने कहा कि शिमला संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत बड़ी संख्या में सड़कें ठप हैं और सड़कें गिरने के कगार पर हैं। इनको जल्द से जल्द ठीक करने के दिशा-निर्देश पीडब्ल्यूडी महकमे को देने चाहिए। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश और शिमला संसदीय क्षेत्र के क्षतिग्रस्त इलाकों का भू-गर्भीय सर्वेक्षण करवाना जरूरी है, इससे स्पष्ट हो जाएगा कि किस क्षेत्र में वहां की भूमि रहने लायक है अथवा नहीं। प्रतिनिधिमंडल में विधायक बलवीर वर्मा, भाजपा नेता परमजीत सिंह पम्मी, लखविंदर राणा, कर्ण नंदा, संजय सूद, गौरव कश्यप उपस्थित रहे।