फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हिमाचल विस सत्रः इस मामले पर सत्ता पक्ष और विपक्ष आमने-सामने

Thu, 15 Mar 2018 10:27 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो, शिमला
विज्ञापन
विज्ञापन

हिमाचल विधानसभा बजट सत्र में सदन में चर्चा के दौरान पक्ष और विपक्ष एक बार फिर आमने-सामने हो गए। बिलासपुर में बनने वाले प्रदेश के सबसे बड़े चिकित्सा संस्थान एम्स निर्माण के मुद्दे पर सदन में बुधवार को सत्ता पक्ष और विपक्ष आमने-सामने हो गए। 

विज्ञापन


प्रश्नकाल के दौरान करीब 20 मिनट तक स्वास्थ्य मंत्री विपिन परमार और कांग्रेस विधायक के बीच तनातनी चलती रही। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को स्थिति स्पष्ट करने के लिए मामले में हस्तक्षेप करना पड़ा।

 कांग्रेस विधायक दल के नेता मुकेश अग्निहोत्री ने सत्ता पक्ष पर एम्स का काम शुरू न होने और बजट में दी गई जानकारी को प्रश्न के उत्तर में न देने पर आपत्ति जताई। 

विज्ञापन

मुकेश अग्निहोत्री ने सदन में उठाया ये सवाल

मुकेश ने कहा कि हिमाचल में चुनाव आचार संहिता से ठीक पहले एम्स का शिलान्यास राजनीतिक लाभ उठाने के लिए किया गया। मुख्यमंत्री ने प्रश्न के उत्तर में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एम्स का शिलान्यास किया है और केंद्रीय कैबिनेट ने निर्माण के लिए 1,351 करोड़ रुपये की सैद्धांतिक मंजूरी दी है।

उन्होंने कहा कि बड़ा कार्य करने के लिए औपचारिकताएं पूरा करने में समय लग जाता है, लेकिन विपक्ष जल्दबाजी में है। इससे पहले स्वास्थ्य मंत्री विपिन परमार ने सदन को अवगत करवाया कि प्रोजेक्ट का निर्माण बिलासपुर जिला के कोठीपुरा में किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि केंद्र संस्थान का काम जल्द शुरू करने के पक्ष में है। उन्होंने बताया कि एम्स की ड्राइंग बनाने का काम शुरू कर दिया है। इससे पहले विधायक रामलाल ठाकुर ने प्रश्न किया कि जब एम्स को सरकार केंद्र सरकार का मामला बता रही है, तो बजट भाषण में इसका क्यों उल्लेख किया गया है।

राज्यसभा सीट के लिए कायम रखी परंपरा : अग्निहोत्री
कांग्रेस विधायक दल के नेता मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा प्रदेश से दूसरी बार राज्यसभा के लिए निर्विरोध चुने जाने हैं और कांग्रेस पार्टी की ओर से कोई प्रत्याशी नहीं देने का फैसला लिया गया है। ऐसा करके कांग्रेस ने पुरानी परंपरा को जारी रखा है। 

विकास दर गिरने का मामला उठा खुद ही घिर गई कांग्रेस

विकास दर घटने का मामला उठाने पर कांग्रेस सदन में उल्टी खुद ही घिर गई। शिलाई से कांग्रेस विधायक हर्षवर्द्धन चौहान ने पिछले तीन साल में हिमाचल प्रदेश की विकास दर में गिरावट का मामला उठाया तो सीएम जयराम ठाकुर ने तंज कसा - आप 2017-18 में विकास दर गिरने का किसका हिसाब दे रहे हैं?

आपके कार्यकाल में ये कहां से कहां पहुंच गई? विधायक हर्षवर्द्धन ने बजट पर चर्चा के दौरान कहा कि हिमाचल की विकास दर वर्ष 2015-16 में 8.1, 2016-17 में 6.9 और 2017-18 में 6.5 प्रतिशत तक गिरी।

इस तरह से लगातार गिरावट दर्ज की गई है। इस पर सीएम जयराम ठाकुर खडे़ होकर बोले कि भाजपा की सरकार आए तो अभी कम अरसा हुआ है। इस दौरान तो कांग्रेस की ही सरकार थी।

हर्षवर्द्धन बोले कि वीरभद्र सरकार के कार्यकाल मेें ही एक बार ये विकास दर 8.8 प्रतिशत भी रह चुकी है। उन्होंने बजट को खोखला और दिशाहीन करार दिया।

तो धवाला, पठानिया और कर्नल को ही बना देते मंत्री

कांग्रेस विधायक दल के नेता मुकेश अग्निहोत्री ने सदन में मंत्रियों के न बैठने सरकार की जमकर चुटकी ली। बोले, सीएम बाहर रहें समझा जा सकता है लेकिन मंत्रियों को ऐसा क्या काम रहता है जो सभी पूरा दिन सदन से बाहर रहते है।

कहा कि इससे अच्छा होता कि सरकार रमेश धवाला, राकेश पठानिया और कर्नल इंदर सिंह को ही मंत्री बना देती, कम से कम वह सदन में तो बैठते। इस पर विधानसभा अध्यक्ष डा राजीव बिंदल ने कहा कि दो मंत्री बैठे हैं।

फिर मुकेश ने कहा कि ऐसा लगता है कि पूल किया है कि दो मंत्री बैठेंगे। कहा कि कल भी दो ही मंत्री बैठे थे और आज भी ऐसा ही है। उन्होंने विधासभा अध्यक्ष से कहा कि विधानसभा की मर्यादा को ध्यान में रखते हुए मंत्रियों की मौजूदगी सुनिश्चित करें।

इससे पहले लखविंदर राणा ने बजट पर चर्चा में भाग लेते हुए कहा कि पूर्व सरकार ने शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए स्कूल और कॉलेज खोले। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार उन्हें राजनीतिक द्वेष की भावना से बंद न करे। बीबीएन में कानून व्यवस्था को ठीक करने को अलग से एक बटालियन तैनात की जानी चाहिए।

प्रोड्यूसर डायरेक्ट नहीं प्लेबैक सिंगर है अफसर

विधायक जेआर कटवाल ने चर्चा में हिस्सा लेते हुए विपक्ष द्वारा अफसरों को प्रोड्यूसर डायरेक्टर कहने पर पलटवार किया। कहा कि अफसर प्ले बैक सिंगर है जबकि प्रोड्यूसर डायरेक्टर पहले आप थे और अब हम हैं।

आपने जो चाहा उन्होंने वो किया और अब हमारे दृष्टिपत्र के अनुसार ही वह कार्य कर रहे हैं।  कटवाल ने कहा कि जिस दर से पूर्व कांग्रेस सरकार ने कर्ज लिए उस दर से प्रदेश में उतनी ग्रोथ नहीं हुई।

बीजेपी विधायक सुरेश कश्यप ने कहा कि पूर्व सरकार ने बेरोजगारी भत्ते के नाम पर बेरोजगार युवाओं से धोखा किया और आखिर समय में 21 हजार युवाओं को भत्ता दिया। चोपाल विधायक बलबीर वर्मा ने कहा कि 28 वर्ष बाद चोपाल विधानसभा क्षेत्र सत्ता के साथ आया है।

वर्मा ने मांग की कि कुपवी में कालेज खोला जाए। बीजेपी विधायक  किशोरी लाल ने कहा कि पूर्व सरकार ने आनी के साथ खिलवाड़ किया और उनके हलके को स्वीकृत धन को दूसरे स्थान को डायवर्ट किया। उन्होंने श्रीखंड महादेव के लिए रोपवे बनाने की बात भी कही। 
विज्ञापन

न खाता न बही, जो बाप बेटा कहे वो सही : सुंदर सिंह

बजट चर्चा में हिस्सा लेते हुए कांग्रेस सदस्य सुंदर ठाकुर ने रघुनाथ मंदिर के गठित ट्रस्ट को खत्म करने के सरकार के फैसले की निंदा की। भाजपाई दिग्गजों के हारने पर परोक्ष रूप से चुटकी लेते हुए कहा कि हमारे जैसे कई विधायक दिग्गजों को हराकर आए है जिससे कई नए मंत्री और मुख्यमंत्री बने

हैं। वर्ना तो अभी तक सिर्फ यही होता रहा कि  न खाता न बही जो बाप बेटा कहें वो सही। ठाकुर ने सदन में स्की विलेज का मामला भी उठाया। कांग्रेस सदस्य नंद लाल ने कहा कि बजट महज आंकड़ों का माया जाल है और इसमें कोई रोड मैप नहीं है।

सरकार ने संसाधन जुटाने पर कोई ध्यान नहीं दिया है। सीएम को दिल्ली से विशेष पैकेज लाना चाहिए। कांग्रेस सदस्य पवन काजल ने कहा कि राज्य में बंदरों और आवारा पशुओं की समस्या विकराल हो गई है और इसके समाधान के लिए सरकार को जल्द से जल्द नई नीति बनाकर इसे लागू करे। उन्होंने कहा कि कांगड़ा हलके की सभी सिंचाई योजनों ठप पड़ी है। 

बीजेपी सदस्य परमजीत सिंह पम्मी दून क्षेत्र में चल रहे अवैध खनन पर चुटकी लेते हुए कहा कि उनके क्षेत्र में खनन माफिया की सरगना एक महिला है। रात में दो दो बजे तक वह खुद खड़ी होकर अवैध खनन कराती है। सीएम और उद्योग मंत्री से अपील की कि वे खनन माफिया से उनके इलाके को बचाइए। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें