प्रदेश कांग्रेस ने जयराम सरकार पर पूंजीपतियों के दबाव में काम करने का आरोप लगाया है। कांग्रेस महासचिव रजनीश किमटा ने कहा कि प्रदेश में बेलगाम सीमेंट उद्योगों की मनमर्जी से आए दिन इस के मूल्यों में बढ़ोतरी होना सरकार की भीतर किसी सांठगांठ को साफ इंगित करता है।
प्रदेश में लोकसभा चुनावों के बाद से लगातार सीमेंट के मूल्यों में बढ़ोतरी होना प्रदेश के लोगों के साथ एक बड़ा अन्याय व धोखा है, जबकि पड़ोसी राज्यों में यह पचास से सत्तर रुपये सस्ता मिलता है। कांग्रेस ने प्रदेश की जयराम सरकार से पूछा है कि आखिर आए दिन प्रदेश में गुपचुप तरीकों से सीमेंट के दाम कैसे बढ़ जाते हैं।
क्या सरकार ने इन्हें खुली छूट दे रखी है या क्या ऐसा सरकार की मंजूरी के बाद हो रहा है। किमटा ने कहा है कि प्रदेश की आबोहवा की कीमत पर बन रहा यह सीमेंट प्रदेश के लोगों को सस्ते दामों में उपलब्ध करवाया जाना चाहिए।