हिमाचल सरकार ने ढाई साल का कार्यकाल पूरा होने पर प्रदेश पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल कर दिया है। शनिवार को सरकार ने 19 आईपीएस अधिकारियों के तबादला आदेश जारी किए हैं। जबकि तीन नए आईपीएस अधिकारियों को ट्रेनिंग पूरी करने पर तैनाती दी है। कई जिलों के पुलिस अधीक्षकों को इधर से उधर किया गया है। तबादला आदेश के अनुसार एडीजी(सीआईडी) से अशोक तिवारी को एडीजी कानून व्यवस्था के साथ-साथ एडीजी सशस्त्र पुलिस और प्रशिक्षण का अतिरिक्त कार्यभार दिया गया है वहीं, एडीजी कानून एवं व्यवस्था रहे एन वेणुगोपाल को एडीसी सीआईडी लगाया गया है। स्टडी लीव से लौटे दिनेश कुमार यादव को आईजीकानून एवं व्यवस्था, छुट्टी से लौटी सुमेधा द्विवेदी को डीआईजी उत्तर रेंज धर्मशाला, डीआईजी उत्तर रेंज धर्मशाला रहे संतोष पटियाल को डीआईजी साइबर क्राइम के साथ-साथ डीआईजी आर्थिक अपराध का अतिरिक्त कार्यभार दिया गया है। वहीं,एसपी विजिलेंस धर्मशाला रहे अरुण कुमार को एसपी चंबा, एसपी मंडी गुरुदेव शर्मा को एसपी क्राइम, राज्यपाल के एडीसी रहे मोहित चावला को एसपी शिमला, एआईजी मुख्यालय राहुल नाथ को एसपी विजिलेंस मंडी, एसपी क्राइम रमन कुमार मीणा को एडीसी राज्यपाल लगाया गया है।