हिमाचल के पास अपनी कोई पुलिस अकादमी नहीं है, ऐसे में हिमाचल कैडर के प्रशिक्षु भी पंजाब के फिल्लौर स्थित पंजाब पुलिस अकादमी में ही प्रशिक्षण लेते थे। इस साल सरकार ने नई पुलिस अकादमी बनाने को लेकर कवायद शुरू की है। इसी को देखते हुए पुलिस मुख्यालय ने अकादमी स्थापित होने से पहले ही प्रशिक्षुओं का प्रशिक्षण शुरू कर दिया है।
पीएचक्यू ने 2017 बैच के तीन प्रशिक्षु आईपीएस को फिल्लौर भेजने के बजाय पीटीसी डरोह भेज दिया है। जहां उनका तीन हफ्ते का प्रशिक्षण चलेगा। इसके बाद सभी अलग अलग जिलों में फील्ड ट्रेनिंग के लिए चले जाएंगे। पुलिस प्रवक्ता डॉ. खुशहाल शर्मा ने बताया कि मुख्यालय की ओर से इस संबंध में आदेश जारी कर दिए गए थे, जिसके बाद अब तीनों प्रशिक्षुओं की ट्रेनिंग शुरू हो गई है।