धर्मशाला में 17 और 19 मई को होने वाले आईपीएल मैचों के लिए अभी ऑफलाइन काउंटर पर टिकटों की बिक्री शुरू हुई भी नहीं है और सोशल मीडिया पर मैच के लिए टिकट का ऑफर दिया जा रहा है। व्हाट्सएप, इंस्टाग्राम और फेसबुक पेज पर टिकट खरीदने के लिए संदेश करने के लिए कहा जा रहा है। मैसेज की सच्चाई जानने के लिए जब संबंधित नंबर पर टिकट के लिए मैसेज किया तो वहां से जवाब आया कि उनके पास कैमरे के सामने वीआईपी स्टैंड की टिकट मौजूद है। जब इसकी कीमत के बारे में पूछा गया तो आगे से संदेश आया कि 3,500 रुपये की टिकट दिया जाएगा। अधिक कीमत होने का कारण पूछा तो कहा कि जीएसटी लगने के कारण टिकट के मूल्य में वृद्धि हुई है।
10 साल बाद धर्मशाला में होने वाले आईपीएल मैचों को देखने के लिए क्रिकेट प्रेमियों में काफी क्रेज है। ऑनलाइन बिक्री के दौरान बहुत कम लोग टिकट खरीद पाए हैं, जबकि अब 11-12 मई को ऑफलाइन टिकट के काउंटर लगाने की बात कही जा रही है। काउंटर पर टिकट की बिक्री शुरू होने से पहले ही इन टिकटों को सोशल मीडिया पर सरेआम ब्लैक किए जाने के ऑफर दिए जा रहे हैं। सोशल मीडिया पर डाले जा रहे इन स्टेट्स में कितनी सच्चाई है, यह तो छानबीन के बाद ही पता चलेगा। एएसपी कांगड़ा हितेश लखनपाल ने बताया कि अभी तक उनके पास आईपीएल मैचों की टिकटों को ब्लैक में बेचने संबंधी कोई जानकारी नहीं आई है। अगर सोशल मीडिया पर ऐसे ऑफर दिए जा रहे हैं। संबंधित लोगों पर कार्रवाई की जाएगी।
काउंटर पर आज से मिल सकते हैं ऑफलाइन टिकट
एचपीसीए स्टेडियम धर्मशाला में होने वाले आईपीएल मैचों के लिए वीरवार को ऑफलाइन टिकट बिक्री के लिए काउंटर लग सकता है। बताया जा रहा है कि यह काउंटर एचपीसीए स्टेडियम के मुख्य गेट के पास लगाया जाएगा, जहां से क्रिकेट प्रेमी ऑफलाइन मोड में टिकट खरीद सकते हैं।