मंडी शिवरात्रि महोत्सव के लिए 144 साल बाद पहुंचे कुल्लू के देवता अनंत बालू नाग
कुल्लू जिले के देवता अनंत बालू नाग मंडी शिवरात्रि महोत्सव के लिए करीब 144 साल बाद सैकड़ों देवलुओं संग पहुंचे। इस दौरान श्रद्धालुओं ने फूलों की वर्षा से देवता का स्वागत किया।
सर्व देवता कमेटी के अध्यक्ष शिवपाल शर्मा ने फूलों का हार पहनाकर देवता का स्वागत किया। इसके बाद राज देवता माधोराय के समक्ष हाजिरी लगाई। पूरा क्षेत्र देवता के जयकारों से गूंज उठा।
मंडी महाशिवरात्रि में पहुंचे देवता खुडीजल ने किया भव्य देव नृत्य
100 साल बाद मंडी महाशिवरात्रि में भाग लेने पहुंचे देवता खुडीजल का जगह-जगह भव्य स्वागत हुआ। इस दौरान देवता खुडीजल ने देव नृत्य कर सभी को मंत्रमुग्ध किया। मंडी शिवरात्रि को पहुंचे देवता खुडीजल के दर्शन के लिए जगह-जगह लोगों का तांता लगा और सुख-शांति व समृद्धि का आशीर्वाद लिया। देवता ने देव नृत्य के दौरान देवलुओं ने पारंपरिक शिवरात्रि गाने गाकर भोलेनाथ को प्रसन्न करने का प्रयास किया।
मंडी शिवरात्रि महोत्सव का सीएम करेंगे शुभारंभ
देव आस्था का महा समागम अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव का विधिवत आगाज शनिवार को होगा। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू शनिवार दोपहर बाद 3 बजे पड्डल मैदान में शुभारंभ करेंगे। इससे पूर्व वह बाद दोपहर 2 बजे उपायुक्त कार्यालय में पगड़ी बंधवाने की रस्म के बाद श्री माधव राय मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे और पड्डल मैदान तक निकलने वाली शोभायात्रा की अगुवाई करेंगे। बाद में पड्डल मैदान में जनसभा को संबोधित करेंगे। वह 68.63 करोड़ रुपये की 12 विकासात्मक योजनाओं के उद्घाटन व शिलान्यास करेंगे। बाद में मुख्यमंत्री इंदिरा मार्केट की छत पर सरस मेले का भी शुभारंभ करेंगे। 15 मार्च को समापन समारोह की अध्यक्षता राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल करेंगे। मध्य जलेब 12 मार्च को निकाली जाएगी। इन जलेब में देवी-देवताओं के साथ देवलू भी शामिल होंगे। कुल छह सांस्कृतिक संध्याओं में प्रसिद्ध पहाड़ी, हिंदी और पंजाबी कलाकार धमाल मचाएंगे।
पहली सांस्कृतिक संध्या में रघुवंशी और साहिल मचाएंगे धमाल
पहली सांस्कृतिक संध्या में हंसराज रघुवंशी और कुमार साहिल मुख्य आकर्षण होंगे। दूसरी संध्या में ममता भारद्वाज, लमन बैंड और ईशांत भारद्वाज, तीसरी में सुनील राणा, अरिन व अर्शप्रीत और अख्तर ब्रदर्स लोगों का मनोरंजन करेंगे। चौथी संध्या में सारेगामापा लिटिल चैंप फेम पायल ठाकुर, गीता भारद्वाज और शिल्पा सरोच दर्शकों का मनोरंजन करेंगे। पांचवीं सांस्कृतिक संध्या में एसी भारद्वाज, जस्सी गिल और बब्बल राय पहाड़ी व पंजाबी गानों के रंग बिखेंरेंगे। अंतिम संध्या अनुज शर्मा और पुलिस बैंड हारमनी ऑफ पाइन्स के नाम रहेगी।
सोने-चांदी से सजे भव्य रथों पर छोटी काशी पहुंचे 100 से अधिक देवी-देवता
अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव में भाग लेने के लिए सोने-चांदी से सजे भव्य रथों पर सवार होकर 100 से अधिक देवता शुक्रवार शाम छोटी काशी यानी मंडी पहुंच गए। इनमें से प्रोटोकॉल के तहत कुछ देवता पारंपरिक रूप से आज शाही जलेब में शिरकत करेंगे। जबकि बाद में यह देवी-देवता पड्डल मैदान की शोभा बढ़ाएंगे। शनिवार से शुरू होने जा रहे मंडी शिवरात्रि महोत्सव के लिए देवी-देवताओं का आने का क्रम सुबह से ही शुरू हो गया और यह क्रम सायं तक चलता रहा।
इस मौके पर देवी-देवताओं ने एक साल बाद एक के बाद एक देवताओं में राज देवता माधोराय के दरबार में पहुंचकर हाजिरी भरी और उनसे अनुमति के बाद अपने शिविरों की तरफ निकल गए। इस दौरान छोटी काशी का नजारा भव्य रहा। सर्व देवता एवं सेवा समिति के अध्यक्ष पंडित शिवपाल ने कहा कि 100 से अधिक देवी-देवता मंडी पहुंच गए हैं। सभी देवी-देवताओं का भव्य स्वागत किया गया है और उनको सभी सुविधाएं उपलब्ध करवा दी गई हैं। उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन ने बताया कि हमारा प्रयास है कि देव आस्था का यह महा समागम देव संस्कृति को और मजबूती देने में सहायक हो। युवा पीढ़ी का इससे जुड़ाव और गहरा हो। इसके लिए सभी परंपराओं का पूरी श्रद्धा से निर्वहन करते हुए इनमें जनता की भागीदारी तय बनाने पर खास ध्यान दिया गया है।
यह देवी-देवता पहुंचे
शुक्रवार को पहुंचने वाले देवी-देवताओं में देव मांहू नाग, देवता-छांजणू, देव घटोत्कच, देव चुंजवाला शिव, ऋषि, देव विष्णु मतलोडा, देव हुरंग नारायण, देव पशाकोट, माता हिडिंबा, मगरू महादेव, देव चपलांदू नाग, आदि गणपति, देव तुंगासी समेत आदि देवी-देवता पहुंचे हैं।