आईटीआई में बने 12 हाउस के विद्यार्थी लेंगे भाग, 19 मार्च को होगा समापन
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) चौड़ा मैदान में सोमवार से इंटर हाउस खेलकूद प्रतियोगिता शुरू होगी। इस प्रतियोगिता में आईटीआई के 12 हाउस के छात्र-छात्राएं भाग लेंगे। इनमें आठ छात्रों और चार छात्राओं के समूह शामिल हैं।
आईटीआई के ग्रुप इंस्ट्रक्टर संजेश कुमार ने बताया कि प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर प्रधानाचार्य बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे। यह प्रतियोगिता 19 मार्च तक चलेगी। प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न खेल स्पर्धाओं का आयोजन किया जाएगा, जिनमें कबड्डी, खो-खो, वॉलीबाल, बैडमिंटन और बास्केटबाल शामिल हैं। इन खेलों के माध्यम से प्रशिक्षुओं को अपनी प्रतिभा दिखाने और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा में भाग लेने का अवसर मिलेगा।
संजेश कुमार ने बताया कि प्रतियोगिता के दौरान अच्छा प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं के लिए किया जाएगा। उन्होंने बताया कि आईटीआई में करीब 500 से अधिक छात्र-छात्राएं पढ़ाई कर रहे हैं और इस खेलकूद प्रतियोगिता में लगभग सभी छात्र-छात्राएं किसी न किसी खेल में भाग लेंगे।