उद्योग मंत्री विक्रम ठाकुर ने कहा कि वे हिमाचल को विशेष औद्योगिक पैकेज की सभी सुविधाएं दिलाने को केंद्र सरकार से बात करेंगे। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी का हिमाचल से विशेष लगाव है। प्रदेश की नई सरकार यहां और औद्योगिक घराने लाएगी, ताकि युवाओं को रोजगार मिल सके।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में स्थापित उद्योगों में 70 प्रतिशत हिमाचलियों को रोजगार दिलाने की दिशा में भी उचित कदम उठाए जाएंगे। खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री किशन कपूर ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन देना रहेगी।
उन्होंने कहा कि भाजपा की ओर से बनाई गई चार्जशीट पर जांच को भी आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा की सरकार कार्यकर्ताओं की मेहनत से आई है। कार्यकर्ताओं को हर सम्मान दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को भी जनता की सेवा के कार्यों को आगे बढ़ाने में सरकार की मदद करनी होगी, ताकि भविष्य में 2019 के लक्ष्य को प्राप्त किया जा सके।
विभागों का बंटवारा होते ही सीएम जयराम ठाकुर के सभी मंत्री अपने-अपने विधानसभा क्षेत्र की ओर निकल गए हैं। शनिवार को ऊना में किशन कपूर और विक्रम ठाकुर का जोरदार स्वागत हुआ। वे यहां से धर्मशाला और जसवां परागपुर के लिए रवाना हुए। इस दौरान उन्होंने अपने एक्शन प्लान का भी जिक्र किया।