एसीसी सीमेंट कंपनी की ओर से की जा रही ब्लास्टिंग को लेकर सरकार गंभीर नजर आ रही है। उद्योग मंत्री विक्रम सिंह ने कहा कि मामले में वह डीसी बिलासपुर से रिपोर्ट तलब करेंगे। कहा कि बार-बार निरीक्षण करने के बाद भी समस्या का समाधान क्यों नहीं हुआ, उपायुक्त से इसकी रिपोर्ट ली जाएगी।
समस्या का समाधान करने को भी कहा जाएगा। उन्होंने कहा कि लोगों को जो नुकसान पहुंचा है, उसकी भरपाई कंपनी से करवाई जाएगी। मंत्री ने साफ किया कि नियमों को ताक पर रखकर ब्लास्टिंग नहीं की जा सकती। इस संबंध में कड़े कदम उठाए जाएंगे।
एसीसी माइनिंग क्षेत्र के दायरे में आने वाले गांवों धार टटोह और कुनणु आदि में कंपनी नियमों को ताक पर रखकर ब्लास्टिंग कर रही है। इस कारण लोगों के घरों में दरारें आ गई हैं। लोग डर से साये में जीवन यापन कर रहे हैं। एसडीएम से लेकर उपायुक्त तक मौके का निरीक्षण कर चुके हैं। कई रिपोर्ट तैयार की गईं। इसमें कहा गया की ब्लाटिंग से आसपास के गांवों को खतरा है, लेकिन सालों से किसी भी रिपोर्ट पर कार्रवाई नहीं हो पाई।
बीडीसी सदस्य भुवनेश गौतम, वार्ड मेंबर सुनील गौतम, एसीसी प्रभावित एवं विस्थापित सभा के अध्यक्ष भगत सिंह वर्मा, भरत भूषण गौतम, नरोत्तम दत्त शास्त्री सहित अन्य ग्रामीणों ने कहा कि जिला प्रशासन और सरकार कंपनी के आगे इतने लाचार हैं कि सब कुछ देखते हुए भी इस समस्या को अनदेखा कर रहे हैं।