भारतीय हैंडबाल टीम के कप्तान सचिन चौधरी का लक्ष्य टीम को ओलंपिक और विश्वकप जैसी बड़ी प्रतियोगिताओं के लिए क्वालीफाई करवाना है। हिमाचल की जूनियर टीम के ट्रायल के दौरान लुहणु मैदान पहुंचे चौधरी का कहना है कि उनका सपना है कि टीम साउथ एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल जीते।
इसके लिए वो जान लड़ा देंगे। लक्ष्य को हासिल करने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं। टीम 2016 में असम में हो रही साउथ एशियन गेम्स की तैयारियां कर रही हैं। इसके लिए इंडिया कैंप फरवरी माह में होगा। वर्ष 2012 ढाका में हुई साउथ एशियन गेम्स में इंडिया टीम विजेता बनी थी।
टीम को एशियन गेम्स में बेहतरीन प्रदर्शन करना होगा। जहां से इंडिया टीम ओलंपिक में क्वालीफाई करेगी। सचिन ने बताया कि हिमाचल में हैंडबॉल खिलाड़ियों की पौध तैयार हो रही है। पहाड़ी प्रदेश हिमाचल से आज कई खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर खेल रहे हैं।
इंडिया में इंडोर स्टेडियम की कमी- सचिन चौधरी ने बताया कि इंडिया में इंडोर स्टेडियम की कमी है। यदि इंडोर स्टेडियम का निर्माण अधिक हो जाए, तो खिलाड़ियों को बेहतर तैयारी का मौका मिल सकता है। चौधरी ने बताया कि फुटबाल, कबड्डी, क्रिकेट की तर्ज पर हैंडबॉल लीग होनी चाहिए।
शनिवार को बिलासपुर पहुंचे भारतीय हैंडबॉल टीम के कप्तान सचिन चौधरी ने हिमाचल की गर्ल्स जूनियर टीम को टिप्स दिए। उन्होंने खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।