कारगिल युद्ध के दौरान चलाए गए आपरेशन विजय की सफलता के 20 साल पूरे होने पर शुक्रवार को राजधानी शिमला समेत प्रदेश भर में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। शिमला के गेयटी थियेटर में शिमला मिलिट्री स्टेशन में आर्मी ट्रेनिंग कमांड की ओर से कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। वहीं, शिमला समेत सभी जिलों में जिला प्रशासन की ओर से जिला स्तरीय कारगिल विजय दिवस कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
शिमला मिलिट्री स्टेशन में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में मिलिट्री अस्पताल जुतोग में आईजीएमसी के सहयोग से रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा 200 स्कूली बच्चों को आरट्रैक शिमला के डान्फी सिनेमा हॉल में प्रेरित करने के लिए उरी-द सर्जिकल स्ट्राइक फिल्म दिखाई जाएगी। वहीं, गेयटी थियेटर में संगीतमय शाम का आयोजन किया जाएगा।
इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे। कार्यक्रम के दौरान टाइगर हिल आपरेशन पर बिग्रेडियर रविंद्र सिंह व्याख्यान देंगे। वहीं, जिलों में भी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे जहां कारगिल युद्ध के दौरान अहम भूमिका निभाने वालों को सम्मानित किया जाएगा। साथ ही शहीद होने वाले सैन्य अधिकारियों व जवानों को श्रद्धांजलि भी दी जाएगी।