भारत-श्रीलंका सीरीज के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम धर्मशाला में होने वाले पहले एक दिवसीय मैच देखने के लिए सस्ती टिकटों की इस बार आस न रखें। मैच के लिए ऑनलाइन मिल रही टिकटें खरीदनी पड़ेंगी। क्योंकि, मैच के लिए सस्ती और स्टूडेंट टिकटों का प्रावधान नहीं होगा।
इस मैच के लिए टिकटों का न्यूनतम मूल्य एक हजार और अधिकतम तीन हजार रुपये है। इससे पूर्व एचपीसीए स्टूडेंट आईकार्ड दिखाने पर ढाई सौ से तीन सौ रुपये तक की टिकटें भी मुहैया करवाता रहा है। करीब 23 हजार दर्शकों की क्षमता वाले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम धर्मशाला में सीरीज के पहले एक दिवसीय मैच को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं।
मैच को लेकर पे-टीएम के माध्यम से ऑनलाइन टिकटों की बिक्री शुरू हो गई है। इसके तहत दर्शक ऑनलाइन टिकटें खरीद सकते हैं, जबकि पे-टीएम के एप से भी मैच को लेकर टिकट खरीद सकते हैं। मैच के लिए एक हजार से लेकर तीन हजार मूल्य वाली टिकटें ऑनलाइन बेची जा रही हैं। वहीं मैच से पहले टिकट काउंटर भी लगाए जाएंगे।